Searching...
Thursday, October 1, 2020

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में होगी भर्ती, देखें पदों का विवरण

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में होगी भर्ती, देखें पदों का विवरण।

लखनऊ : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में जल्द 729 पदों पर भर्ती होने वाली है। विभाग ने फिलहाल रिक्त पदों का ब्योरा नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को भेज दिया है। जल्द इन पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता के साथ विज्ञापन चयन आयोगों द्वारा निकाले जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुरूप इन पदों पर तीन माह में भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने व अगले साल मार्च तक नियुक्ति पत्र देने का आदेश दिया है।


ये पद भरे जाएंगे

समूह ग के पद- 414

समूह ख के पद- 47

समूह घ के पद- 268

ये हैं रिक्त पद
एमएसएमई विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल समूह 'ख' के 47 पद, समूह 'ग' के 414 व समूह 'घ' के 268 पद रिक्त हैं। इसमें समूह 'ख' के पद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा भरे जाएंगे जबकि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 414 पद भरे जाएंगे। समूह 'घ' यानी चतुर्थ श्रेणी के पदों पर विभाग खुद ही भर्ती करने की तैयारी में है। 


जल्द भर्ती अभियान शुरू करेंगे
रिक्त पदों में सहायक आयुक्त, अपर सांख्यिकी अधिकारी, सहायक प्रबंधक, सह निदेशक उद्योग, प्रधान लिपिक, वरिष्ठ लिपिक, कनिष्ठ लिपिक, वैयक्तिक सहायक आशु लिपिक, सांख्यिकीय सहायक, ज्येष्ठ सम्प्रेक्षक प्रमुख है।

एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल का कहना है कि विभाग से खाली रिक्त पदों का ब्योरा भेज दिया गया है। अब आयोग इन पर जल्द भर्ती अभियान शुरू करेंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग में हाल में 69 पद भरे गए हैं और नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।

विभाग में 3207 पद
वर्तमान में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में कुल 3207 पद हैं। इसमें समूह 'क' के 108, समूह 'ख' के 379, समूह 'ग' में 2024 व समूह घ' में 696 पद हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम में 104, उत्तर प्रदेश हस्तशिल्प विकास एवं विपणन निगम में 53, उप्र चर्म विकास निगम एवं विपणन विकास निगम में एक कर्मचारी है। इस विभाग में कुल 1698 पद खाली हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक नए पदों के साथ विभागीय पदोन्नति के द्वारा भी कई पद भरे जाने हैं।

0 comments:

Post a Comment