Searching...
Saturday, October 31, 2020

उत्तर प्रदेश की 56 नई नगर पंचायतों में 168 पदों पर होगी भर्ती।

उत्तर प्रदेश की 56 नई नगर पंचायतों में 168 पदों पर होगी भर्ती।

राज्य सरकार ने प्रदेश में नई बनी 56 नगर पंचायतों में तीन-तीन पदों का सृजन कर दिया है। इस हिसाब से इन सभी नगर पंचायतों में कुल 168 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें एक अधिशासी अधिकारी, एक कर निरीक्षक और एक चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्तियां की जाएंगी। नगर विकास विभाग इन पदों पर जल्द ही भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजेगा। नई नगर पंचायतों में पदों के सृजन की प्रक्रिया मई में शुरू हुई थी।


नगर विकास विभाग ने शहरों की बढ़ती हुई आबादी के आधार पर बड़े गांवों को नगर पंचायत का दर्जा दिया है। इन नगर पंचायतों के गठन संबंधी प्रस्ताव कैबिनेट से पास हो चुके हैं और इनका विधिवत गठन हो चुका है। अब इन नगर पंचायतों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जानी है। पहले चरण में तीन-तीन पदों का सृजन किया गया है। इसके आगे जरूरत के आधार पर इनमें अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। नगर विकास विभाग का मानना है कि नई नगर पंचायतों में काम शुरू होने के बाद यहां के रहने वालों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


नव गठित निकायों का मुख्य काम बेहतर नागरिक सुविधाएं देना होगा। इसके लिए नगर पंचायतें क्षेत्रों का सर्वे कराएंगी। इसके आधार पर विकास का प्रस्ताव बनाते हुए शासन को भेजा जाएगा। शासन से वित्तीय स्वीकृति के बाद इन क्षेत्रों में विकास के काम शुरू कराए जाएंगे। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में आने वाले मुहल्लों से हाउस टैक्स की वसूली का काम शुरू किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment