Searching...
Sunday, November 22, 2026

JEE Main की रैंक से मिलेगा रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनने का मौका, इन युवाओं को मिलेगा अवसर

JEE Main की रैंक से मिलेगा रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनने का मौका, इन युवाओं को मिलेगा अवसर

रेलवे बोर्ड ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) पद के लिए नई तकनीकी प्रवेश योजना शुरू की है। इसमें 12वीं पीसीएम और जेईई मेन रैंक वाले युवाओं को वडोदरा के गति शक्ति विश्वविद्यालय में बीटेक के बाद नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

रेलवे बोर्ड ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) के पद पर भर्ती के लिए नई तकनीकी प्रवेश योजना (टेक्निकल एंट्री स्कीम-टीईएस) शुरू की है। इसके अंतर्गत कक्षा 12 में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषय की पढ़ाई करने वाले युवाओं को जेईई मेन की रैंक के आधार पर चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को वडोदरा स्थित गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष बीटेक पाठ्यक्रम कराया जाएगा।

पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद रेलवे में एसएसई पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। यह योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभागों के लिए लागू होगी। इसका उद्देश्य रेलवे की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष इंजीनियर तैयार करना है।

रेलवे बोर्ड ने 20 नवंबर,2026 को आदेश जारी कर सभी क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाइयों और रेलवे भर्ती बोर्डों को योजना के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। योजना में आवेदन के लिए अभ्यर्थी को भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। वर्तमान प्रवेश वर्ष की वैध जेईई मेन रैंक अनिवार्य होगी।




12वीं के बाद रेलवे में सीधे सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनने का मौका, युवा प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से जोड़ने के लिए रेलवे शुरु कर रहा तकनीकी प्रवेश योजना

प्रयागराज। भारतीय रेल ने युवा प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से जोड़ने के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) भर्ती को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। शुक्रवार 20 नवंबर की शाम जारी आदेश के अनुसार अब इन पदों पर नियुक्ति के लिए तकनीकी प्रवेश योजना की शुरुआत की जा रही है।

आरबीई सं. 105/2026 के तहत यह व्यवस्था सिविल, विद्युत, यांत्रिक और सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों के पे लेवल 7 पदों पर लागू होगी। इसका उद्देश्य युवाओं को शुरुआती चरण से ही तकनीकी रूप से दक्ष तैयार कर रेलवे की कार्यप्रणाली से जोड़ना है।


नई भर्ती व्यवस्था के तहत पांच प्रतिशत पद खुले बाजार से रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के माध्यम से तकनीकी प्रवेश योजना के तहत भरे जाएंगे।

इन पदों के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी), वडोदरा से चार वर्षीय विशेष पाठ्यक्रम पूरा किया हो। इसके अलावा प्रतिशत पद आरआरबी द्वारा सीधी भर्ती से भरे जाएंगे, जिनमें तकनीकी प्रवेश योजना के पांच प्रतिशत कोटे की रिक्त रहने वाली कमी के पद भी शामिल होंगे। वहीं, 80 प्रतिशत पद निचले ग्रेड के कर्मचारियों की पदोन्नति से भरे जाएंगे। तकनीकी प्रवेश योजना के तहत प्रवेश के लिए एक जुलाई को अभ्यर्थी की आयु 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही पीसीएम विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना, प्रवेश वर्ष की वैध जेईई (मेन्स) रैंक, आरआरबी की सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईटी) और ए-3 मेडिकल फिटनेस अनिवार्य की गई है।

गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी), वडोदरा से चार वर्षीय विशेष पाठ्यक्रम पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को 20 से 35 वर्ष की आयु सीमा के भीतर पे लेवल-7 में सीनियर सेक्शन इंजीनियर पद पर नियुक्ति मिलेगी। रेलवे बोर्ड के निदेशक (स्थापना अराजपत्रित) यूके तिवारी की ओर से शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे समेत सभी जोनल रेलवे के जीएम को यह पत्र जारी किया गया।

0 comments:

Post a Comment