Searching...
Thursday, July 8, 2021

मंडल मुख्यालय पर होगी जीव विज्ञान की टीजीटी परीक्षा

मंडल मुख्यालय पर होगी जीव विज्ञान की टीजीटी परीक्षा

● 2016 में जारी हुआ था विज्ञापन, अन्य विषयों की हो गई थी परीक्षा

● जीव विज्ञान पर यूपी बोर्ड के सवाल उठा देने पर नहीं हुई थी परीक्षा


प्रयागराज :  सरकार भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को लेकर गंभीर है तो माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड भी रफ्तार में है। पिछली रुकी भर्तियों को भी पूरा करने की कवायद तेजी से चल रही है। वर्ष 2016 के टीजीटी के विज्ञापन में अन्य विषयों की परीक्षा तो हुई, लेकिन हाईस्कूल में जीव विज्ञान विषय अलग से न होने की यूपी बोर्ड की रिपोर्ट के चलते इस विषय की परीक्षा पर अड़ंगा लग गया। अब कोर्ट के आदेश के बाद यह परीक्षा 31 जुलाई को सभी मंडल मुख्यालयों पर आयोजित की गई है। 

जीव विज्ञान के 304 पद के लिए 66 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। यूपी बोर्ड ने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को रिपोर्ट दी कि हाई स्कूल में जीव विज्ञान विषय अलग से नहीं है। इससे पद पर भर्ती नहीं की जा सकती है। इसके चलते चयन बोर्ड ने इस विषय की परीक्षा नहीं कराई। जीव विज्ञान विषय के अभ्यर्थी कोर्ट चले गए। वहां से फैसला प्रतियोगी छात्रों के पक्ष में हुआ। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने जीव विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए 31 जुलाई की तिथि घोषित कर तैयारी शुरू कर दी। चयन बोर्ड के उप सचिव नवल किशोर ने बताया कि कोरोना को देखते हुए परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्रों की सूची जल्द ही फाइनल कर मंडल मुख्यालयों को भेज दी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment