Searching...
Tuesday, October 13, 2026

पेपर लीक पर लगेगी लगाम, AI की मदद से अंतिम क्षणों में तैयार होगा पर्चा, उच्चस्तरीय परीक्षा सुधार समिति के प्रमुख नीलेकणि ने सुझाए नए तरीके

पेपर लीक पर लगेगी लगाम, AI की मदद से अंतिम क्षणों में तैयार होगा पर्चा, उच्चस्तरीय परीक्षा सुधार समिति के प्रमुख नीलेकणि ने सुझाए नए तरीके

कहा, तकनीक और व्यवस्थित बदलावों के जरिये समस्या का समाधान निकालना संभव, जुलाई में बनी थी टास्कफोर्स


नई दिल्ली। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की बढ़ती घटनाओं के बीच छात्रों के लिए एक उम्मीद जगाने वाली खबर आई है। परीक्षा सुधारों के लिए गठित उच्चस्तरीय कार्यबल के प्रमुख और इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि ने कहा कि पेपर लीक की समस्या का समाधान व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है। इसके लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करना होगा और पहले से तय प्रश्नपत्र छापने के बजाय, परीक्षा वाले दिन अंतिम समय में एक बड़े प्रश्न बैंक से रैंडम तरीके से पेपर तैयार करना होगा।


नीलेकणि ने मंगलवार को मीडिया के एक कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया कि पेपर लीक कोई ऐसी समस्या नहीं है जिसका समाधान न हो सके। उन्होंने कहा कि अगर समस्या की जड़ तक जाकर तकनीकी उपायों को लागू किया जाए, तो इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले से छपे हुए प्रश्नपत्र की व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी समिति इन खामियों को दूर करने के लिए ठोस सिफारिशें तैयार कर रही है और प्रधानमंत्री उसके सुझावों को लागू करने के लिए काफी उत्सुक हैं।

इस साल मई में नीट-यूजी का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा रद्द करानी पड़ा थी। इसके बाद जुलाई में नीलेकणि की अध्यक्षता में कार्यबल बनाया गया था। नीलेकणि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के संस्थापक अध्यक्ष भी रह चुके हैं और आधार डिजिटल पहचान प्रणाली तैयार करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।


सुरक्षित परीक्षा के विकल्प सुझाए

नीलेकणि ने मौजूदा व्यवस्था का विकल्प सुझाते हुए कहा कि पहले से प्रश्न पत्र तैयार करने के बजाय लाखों सवालों का एक सुरक्षित डिजिटल बैंक तैयार किया जाए। परीक्षा शुरू होने के ठीक पहले कंप्यूटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से रैंडम तरीके से प्रश्न चुनकर नया पेपर तैयार किया जाए। इससे लीक करने का मौका ही नहीं बचेगा। इस सवाल पर कि क्या परीक्षा वाले दिन एआई की मदद से प्रश्नपत्र तैयार किया जा सकता है, उन्होंने हां में जवाब दिया। हालांकि, यह नहीं बताया कि इस व्यवस्था को कब और किस तरह से लागू किया जाएगा।

कार्यबल के प्रमुख ने बताया कि सभी प्रमुख परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) में बदलने पर भी विचार किया जा रहा है। फिलहाल देश में करीब डेढ़ लाख स्थान ऐसे हैं,


कंप्यूटर आधारित परीक्षा पर विचार

जहां छात्र कंप्यूटर के जरिये परीक्षा दे सकते हैं। अगर सभी परीक्षाओं को इस व्यवस्था में लाना है, तो देशभर में इन केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाना होगा। इससे भौतिक रूप से पेपर छापने और ढोने का जोखिम कम होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जब तकनीक का सही और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा, तो यह पूरी व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाएगा, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।


0 comments:

Post a Comment