पीईटी-2025 में शामिल अभ्यर्थी एक दिसंबर तक कर सकेंगे आनलाइन आवेदन
यूपीएसएसएससी ने संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा का विज्ञापन किया जारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों के 1784 पदों पर भर्ती के लिए संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा (इंटरमीडिएट स्तरीय) मुख्य परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी एक दिसंबर तक पंजीकरण, आवेदन पत्र जमा करने और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन के लिए आठ दिसंबर तक का समय दिया गया है।
इस भर्ती के लिए केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 में भाग लिया है और आयोग ने उन्हें स्कोर कार्ड जारी किया है। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की छंटनी पीईटी के सामान्यीकृत (नार्मलाइज्ड) अंकों के आधार पर मेरिट के अनुसार की जाएगी।
जिन पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी, उसमें वाणिज्य कर संग्रह अमीन, भूमि अर्जन अमीन, भंडार पाल व लिपिक, सहकारी कृषि पर्यवेक्षक, गृहमाता, सारणीयक, समाज कल्याण पर्यवेक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, फार्म लिपिक आदि के पद हैं।
0 comments:
Post a Comment