Searching...
Friday, March 12, 2021

सरकारी विभागों में महिला खिलाड़ियों की भर्ती होगी, सीएम योगी की घोषणा

सरकारी विभागों में महिला खिलाड़ियों की भर्ती होगी, हिन्दुस्तान मिशन शक्ति महासंवाद में सीएम योगी की घोषणा


मिशन शक्ति अभियान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अब परिवहन, बिजली व अन्य सरकारी विभागों में महिला खिलाड़ियों की भर्ती होगी। इसके लिए विभिन्न खेलों की पुरुष और महिला टीमें बनेंगी। मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि अब महिलाओं को अपने प्रति होने वाले अपराधों और अत्याचारों पर मौन नहीं रहना है। आपराधिक मानसिकता वालों के खिलाफ सामूहिक आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि जनता भी इन अपराधियों पर पैनी निगाह रखे। 


मुख्यमंत्री ने ये बातें शुक्रवार को ‘हिन्दुस्तान मिशन शक्ति’ अभियान के समापन के मौके पर लखनऊ में आयोजित महासंवाद कार्यक्रम में बरेली की महिला हाकी खिलाड़ी गीता शर्मा के सवाल पर कही। गीता ने सवाल उठाया था कि सरकारी विभागों में महिला खिलाड़ियों की टीमें नहीं बन रहीं हैं, जो पहले बनती थीं।

महिला सुरक्षा के लिए उठाएंगे हर कदम
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा, स्वाभिमान व स्वावलंबन के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के लिए महिलाओं के जो भी सुझाव हैं, उन्हें लिखकर दें ताकि उस पर आगे बेहतर ढंग से अमल किया जा सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि मिशन शक्ति के लिए चुनौती वाह्य और आंतरिक दोनों तरह से है। इन चुनौतियों से हमें एक साथ जूझना पड़ेगा। इसके लिए जागरुकता होना बहुत जरूरी है। समाज को इस तरह तैयार करें कि दुष्प्रवृत्तियां पनपने न पाएं। 

मुख्यमंत्री ने हिन्दुस्तान के प्रयास को सराहा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर की महिलाओं के जज़्बे की सराहना की। ‘हिन्दुस्तान’ समूह के प्रधान संपादक शशि शेखर ने वर्चुअली इस महासंवाद कार्यक्रम का संचालन करते हुए विभिन्न जिलों की उन 10 चुनिंदा महिलाओं की मुख्यमंत्री से सीधे बात कराई जो संघर्ष कर समाज में आगे आईं। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं के कौशल, साहस व स्वावलंबन की दिशा में उठाए गए कदमों को जाना और उनका उत्साहवर्धन तो किया ही, साथ ही ‘हिन्दुस्तान’ समाचार पत्र समूह के मिशन शक्ति अभियान के प्रयासों व इसे करोड़ों पाठकों तक पहुंचाने के काम की सराहना भी दिल खोल कर की। 


हर थाने व तहसील में हैं महिला हेल्पडेस्क
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं को सामने रखते हुए कहा कि अगर महिला के सामने संकट है, वह सहायता के लिए हेल्पलाइन 1090 से संपर्क कर सकती है। पारिवारिक हिंसा की शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन -181 है। इस तरह की विभिन्न हेल्पलाइन आपस में जोड़ी गईं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती में हमने 20 प्रतिशत महिलाओं को रखा। इसी तरह हर थाने व तहसील में पीड़ित महिलाओं के लिए महिला हेल्पडेस्क की व्यवस्था की है। पीड़िता वहीं बिना किसी भय के शिकायत दर्ज करा सकेगी और समाधान होगा। 

महिलाओं को दिया सहस्वामित्व का लाभ
प्रधानमंत्री द्वारा शुरू कराई गई स्वामित्व योजना की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने महिलाओं को सहस्वामित्व का लाभ दिलाया  है। जमीन का सर्वे लेखपाल के बजाए ड्रोन से करा रहे हैं। इसके अलावा पहले राशन कोटे की दुकान महिला स्वयंसेवी समूह को देने का काम शुरू किया गया है। बाल पुष्टाहार वितरण में भी महिला स्वयं सहायता समूह को जिम्मा दिया गया। 


मुख्यमंत्री के भाषण की खास बातें
-महिला अपराध पर अंकुश लगाने के लिए हर जिले में विशेष महिला थाने की स्थापना का कार्य सरकार कर रही है।
-खेलो इंडिया के माध्यम से खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रहे हैं। 
-निराश्रित बच्चों के लिए सरकार ने अटल आवासीय विद्यालय शुरू किया है। इसमें प्रवेश इसी सत्र से शुरू हो जाएगा। यहां उनके लिए भोजन, पढ़ाई व रहने की व्यवस्था होगी। उनके सर्वांगीण विकास की सारी व्यवस्थाएं होंगी
-निराश्रित महिलाओं के रहने के लिए प्रदेश में चार जगहों पर आवास बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अयोध्या में 1000 निराश्रित महिलाओं के भरणपोषण के लिए कौशल्या सदन शुरू करने का निर्णय लिया है। 
-उन नवजातों के लिए कमिश्नरी स्तर पर केंद्र बनाने का प्रयास कर रहे हैं जिनके मां-बाप किन्हीं कारणों से उन्हें पाल नहीं पाते या जो बच्चे लावारिस छोड़ दिए जाते हैं। 
-संस्कृत की गुरुकुल पद्धति से शिक्षा लेने वाले विद्यार्थियों की और ऐसे संस्थानों की सरकार मदद करेगी।
-अनुशासन के दायरे में यदि छात्र व छात्राएं शस्त्र व शास्त्र की शिक्षा लें तो यह अच्छी पहल होगी। 
-इस बार बजट में महिला सामर्थ्य योजना शुरू की है, उत्तर प्रदेश रेडीमेड गारमेंटस का हब बन सकता है। इसमें बड़ी तादाद में महिलाएं जुड़ सकती हैं।

0 comments:

Post a Comment