Searching...
Friday, January 20, 2023

आरओ/एआरओ-21 में 350 का चयन, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने घोषित किया परिणाम, योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण चार पद रह गए खाली

आरओ/एआरओ-21 में 350 का चयन, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने घोषित किया परिणाम, योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण चार पद रह गए खाली, खबर पढ़ें नीचे।




अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे मुख्य परीक्षा में, 24 से 26 अप्रैल 2022 तक आयोजित की गई थी

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) सामान्य व विशेष चयन 2021 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। 354 पदों के सापेक्ष 350 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सचिव आलोक कुमार के अनुसार योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण सामान्य चयन के तहत उत्तर प्रदेश सचिवालय में एआरओ लेखा (एससी के लिए आरक्षित) के दो और विशेष चयन के अंतर्गत आरओ लेखा (एससी के लिए आरक्षित) दो पद रिक्त रह गए।


आरओ/एआरओ 2021 की मुख्य परीक्षा 24 से 26 अप्रैल 2022 तक आयोजित की गई थी। इसमें 3679 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए अनिवार्य अर्हता कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग की परीक्षा 11 से 14 अक्टूबर तक हुई। परीक्षा परिणाम आयोग के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध है। सचिव ने साफ किया है कि परीक्षा का परिणाम पूरी तरह औपबंधिक है और सभी अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्र आदि के मिलान और सत्यापन के बाद सही पाए जाने पर संस्तुति पत्र भेजे जाएंगे। सत्यापन के लिए अलग से सूचना दी जाएगी। परीक्षा परिणाम से संबंधित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक तथा पदवार/श्रेणीवार कटऑफ अंक की सूचना संस्तुति भेजने के बाद आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। आरओ/एआरओ 2021 के लिए 5,59,155 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 2,74,702 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे।

63 बेटियों ने पाई कामयाबी

आरओ/एआरओ 2021 में सफल 350 अभ्यर्थियों में 63 बेटियों का भी नाम है। सचिवालय में आरओ के 76 पदों में अवधभान सिंह भदौरिया ने टॉप किया है। इसी सूची में गौरी राठौर को महिलाओं में पहला स्थान प्राप्त हुआ है, हालांकि संयुक्त सूची में वह आठवें स्थान पर हैं। आरओ राजस्व परिषद के 18 पदों में से शैलेन्द्र श्रीवास्तव, आरओ यूपीपीएससी के 22 पदों में से पुंडरीकाक्ष मिश्रा टॉप पर हैं।


आरओ/एआरओ पद के लिए 350 अभ्यर्थियों का चयन, योग्य अभ्यर्थी न मिलने पर एससी वर्ग के चार पद अब भी रिक्त

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शुक्रवार को समीक्षा अधिकारी (आरओ)/ सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। इस पद के लिए रिक्त 354 पदों के सापेक्ष 350 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। अनुसचित जाति के लिए आरक्षित चार पदों पर योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने से यह पद रिक्त रह गए। अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक रूप से हुआ है। इनके प्रमाण पत्रों की जांच के बाद नियुक्ति पत्र जारी करने की संस्तुति की जाएगी।

इस भर्ती के लिए यूपीपीएससी ने मार्च 2021 में प्रक्रिया शुरू की थी। 5,59,155 अभ्यर्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था, लेकिन प्री परीक्षा में 2,74,702 अभ्यर्थी ही शामिल हुए थे। इसका 2022 को आया जिसमें 4,830 अभ्यर्थी सफल हुए थे। मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अप्रैल को हुई थी। उसमें 3679 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। एआरओ पद के लिए टाइपिंग अनिवार्य था। प्री परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में से 1995 ने एआरओ का विकल्प भरा था, इसलिए 11 से 14 अक्टूबर तक शंभूनाथ इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी में उनका टाइपिंग टेस्ट कराया गया। टाइपिंग टेस्ट में 1274 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आरओ का विकल्प भरने वालों का टाइपिंग टेस्ट नहीं था। मुख्य परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट के आधार पर 350 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

परिणाम जारी करने के साथ ही चयनितों को विभाग आवंटित कर दिया गया है। आयोग के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि आरओ (लेखा) और एआरओ (लेखा) में एससी वर्ग के दो-दो अभ्यर्थियों के पद रिक्त रह गए हैं। इन पदों को अगली भर्ती के लिए अग्रसारित किया गया है। चयनितों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

इन विभागों के लिए हुआ चयन सचिवालय के लिए 76 आरओ, दे आरओ लेखा, एक एआरओ, 15 एआरओ लेखा और 105 एआरओ (विशेष चयन) का चयन हुआ है। सचिवालय के लिए ही सात हिंदी आरओ और 10 उर्दू आरओ चयनित हुए हैं। राजस्व परिषद के लिए 18 आरओ और 59 एआरओ का चयन हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के लिए 22 आरओ और 35 एआरओ का चयन हुआ है।

0 comments:

Post a Comment