Searching...
Sunday, May 25, 2025

12 साल से नहीं हुई प्रधानाचार्य भर्ती अब अधियाचन के फेर में फंसी

12 साल से नहीं हुई प्रधानाचार्य भर्ती अब अधियाचन के फेर में फंसी

2013 में कराई गई थी एडेड माध्यमिक की यह भर्ती भी अभी अधूरी

4517 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में से 3000 प्रधानाचार्यों के पद रिक्त


प्रयागराज । शिक्षक भर्ती की एकीकृत व्यवस्था बनाए जाने के सवा साल बाद भी रिक्त पदों के सापेक्ष भर्तियों का रास्ता साफ नहीं है। शिक्षकों के रिक्त पदों के साथ एडेड विद्यालयों के संस्था प्रधान यानी प्रधानाचार्यों की भर्ती भी फंसी हुई है। वर्ष 2013 में उप्र माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने 632 पदों के लिए प्रधानाचार्य भर्ती का विज्ञापन जारी किया था, जो पूरी नहीं हुई। करीब 1600 नए पदों के लिए अधियाचन चयन बोर्ड को मिला था, लेकिन विज्ञापन जारी नहीं किया गया। अब प्रधानाचार्य के रिक्त करीब 3000 पदों की नई भर्ती भी उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग को करानी है, लेकिन यह भी अधियाचन के फेर में अटकी हुई है।


प्रदेश में हाईस्कूल स्तर के 4517 तथा इंटरमीडिएट स्तर के 4080 एडेड विद्यालय संचालित हैं, जिनमें स्थायी प्रधानाचार्यों की बड़ी संख्या में कमी है। वर्ष 2013 में आई प्रधानाचार्य भर्ती में चार मंडलों में चयनित प्रधानाचार्यों की नियुक्ति अटकी हुई है। मामला कोर्ट में है। इसके अलावा नई भर्ती के 1600 पदों का भर्ती विज्ञापन जारी किए जाने के पहले माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड खत्म हो गया। उसका विलय उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग में कर दिया गया। 


तकनीकी अड़चन के कारण माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से आयोग के पोर्टल पर आनलाइन अधियाचन नहीं प्राप्त हुआ है। ज्यादातर विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्य नहीं होने से पाठन-पाठन पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। जल्दी में भर्ती की उम्मीद नहीं दिख रही है, क्योंकि अधियाचन मिलने के बाद पाठ्यक्रम तैयार करने के साथ परीक्षा तिथि घोषित कर तैयारी का अंतराल भी देना होता है।

0 comments:

Post a Comment