Searching...
Saturday, June 27, 2026

SSC CGL में 12256 पदों के लिए 30 लाख से अधिक दावेदार

SSC CGL में 12256 पदों के लिए 30 लाख से अधिक दावेदार,  एक पद पर औसतन 250 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला, पूरी हुई ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया

28 जून 2026
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल)-2026 *के 12256 रिक्त पदों के लिए 30 लाख 66 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। औसतन एक पद पर करीब 250 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। एसएससी सीजीएल के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संवैधानिक संस्थाओं में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, आयकर निरीक्षक, जीएसटी निरीक्षक, सहायक प्रवर्तन अधिकारी सहित कई पद शामिल हैं।

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के निदेशक डॉ. आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि प्रारंभिक परीक्षा से लेकर अंतिम चयन तक हर चरण में कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। परीक्षा के लिए 30 लाख 66 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसमें ऑनलाइन शुल्क जमा होने की प्रक्रिया के बाद आवेदकों की संख्या में मामूली परिवर्तन हो सकते हैं। एसएससी के अनुसार सीजीएल टियर-वन (कंप्यूटर आधारित) परीक्षा अगस्त-सितंबर में आयोजित की जाएगी जबकि टियर-दो परीक्षा दिसंबर में संभावित है। 

एक जुलाई तक संशोधन का मौका
एसएससी के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 21 मई से 22 जून तक लिए गए। जिन अभ्यर्थियों से आवेदन में कोई त्रुटि रह गई है उन्हें 29 जून से एक जुलाई तक आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर दिया जाएगा।



SSC CGL-2026 के 12,256 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 22 जून तक कर सकेंगे आवेदन, 23 जून फीस जमा करने की अंतिम तिथि

22 मई 2026
प्रयागराज : कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल)-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संवैधानिक निकायों, वैधानिक संस्थाओं और ट्रिब्यूनल में ग्रुप 'बी' और ग्रुप 'सी' के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग ने 12,256 संभावित रिक्तियां घोषित की हैं। आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। 22 जून की रात 11 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। आनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 जून रात 11 बजे है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 29 जून से एक जुलाई तक संसोधन विंडो खुली रहेगी।


इसके माध्यम से असिस्टेंट आडिट आफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स आफिसर, असिस्टेंट सेक्शन आफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर, जूनियर स्टैटिस्टिकल आफिसर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती होगी। परीक्षा दो चरणों में कंप्यूटर आधारित होगी। टियर-1 परीक्षा अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित है, जबकि टियर-2 परीक्षा दिसंबर में कराई जाएगी। कई पालियों में परीक्षा होने की स्थिति में अंकों का नार्मलाइजेशन किया जाएगा।


 शैक्षिक योग्यता के रूप में अधिकांश पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य है। जूनियर स्टैटिस्टिकल आफिसर के लिए 12वीं में गणित में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या स्नातक स्तर पर सांख्यिकी विषय होना जरूरी है। आयु सीमा पदों के अनुसार 18 से 27 वर्ष, 18 से 30 वर्ष, 20 से 30 वर्ष और 18 से 32 वर्ष तक निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क 100 रुपये है।


महिला अभ्यर्थियों, एससी, एसटी, दिव्यांग और पात्र पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान भीम यूपीआई, नेट बैंकिंग या डेबिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल एसएससी की नई वेबसाइट ssc.gov.in या mySSC मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे। पुराने पोर्टल पर बना ओटीआर मान्य नहीं होगा, इसलिए अभ्यर्थियों को नई वेबसाइट पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा।

0 comments:

Post a Comment