Searching...
Monday, June 1, 2026

यूपी TGT परीक्षा 3 और 4 जून को, 36 जिलों के 614 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा

दो दिवसीय TGT भर्ती परीक्षा कल से,  614 केंद्रों पर होगी 3539 पदों की चार साल पुरानी भर्ती परीक्षा

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किए दिशा-निर्देश

02 जून 2026
प्रयागराज : एडेड माध्यमिक विद्यालयों की चार वर्ष पुरानी प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा तीन और चार जून को कराई जाएगी। इसके लिए विज्ञापन संख्या-01/2022 के तहत आवेदन लिए गए थे। उसके बाद से 8.68 लाख अभ्यर्थी परीक्षा आयोजित किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे थे। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के लिए 36 जिलों में 614 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। प्रवेश पत्र जारी करने के साथ आयोग ने परीक्षा के संबंध में दिशा-निर्देश वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। कहा गया है कि परीक्षा के दौरान अंतिम आधे घंटे में परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

टीजीटी के सभी 15 विषयों की परीक्षा दो दिन में कराई जाएगी। पहले दिन आठ और दूसरे दिन सात विषयों की परीक्षा कराई जाएगी। दोनों दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली की दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। 

आयोग ने परीक्षार्थियों के लिए जारी निर्देश में बताया है कि परीक्षा आरंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इस तरह पहली पाली के लिए 8.45 बजे तथा दूसरी पाली के लिए दोपहर 1.45 बजे प्रवेश द्वार बंद होगा। अभ्यर्थियों को तीन फोटो एवं एक पहचान पत्र की मूल प्रति तथा एक छाया प्रति लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। यानी की गलत उत्तर पर अंक नहीं काटे जाएंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पत्रक (ओएमआर शीट) की प्रतियों को अभ्यर्थी स्वयं अलग नहीं करेंगे। कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों को उनकी प्रति अलग करके देंगे।



यूपी TGT परीक्षा 3 और 4 जून को, 36 जिलों के 614 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा

24 मई 2026
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती परीक्षा 2022 को लेकर महत्वपूर्ण प्रेसनोट जारी किया है। आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2022 के अंतर्गत विज्ञापित 3539 पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 एवं 4 जून 2026 को प्रदेश के 36 जिलों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 8,68,531 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में कुल 614 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

प्रेसनोट के अनुसार परीक्षा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी, गाजियाबाद, सहारनपुर समेत 36 जिलों में आयोजित की जाएगी।

आयोग ने विषयवार परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किया है। 3 जून को सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान, उर्दू, हिंदी, गणित, कृषि एवं संगीत गायन विषयों की परीक्षा होगी, जबकि 4 जून को अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान, संस्कृत, वाणिज्य, कला एवं संगीत वादन विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की अंतिम सूचना 23 मई 2026 से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएगी। अभ्यर्थी अपनी वांछित प्रविष्टियां अंकित कर परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसके साथ ही आयोग ने यह भी बताया कि परीक्षा के लिए अलग से प्रवेश पत्र डाक द्वारा नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को 30 मई 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा। बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों से समय रहते परीक्षा केंद्र, जनपद और प्रवेश पत्र संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।



3,539 पदों के लिए तीन और चार जून को होगी TGT परीक्षा

27 अप्रैल 2026
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती-2022 की बहुप्रतीक्षित परीक्षा तीन और चार जून को होगी। यह परीक्षा प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों के जिलों में आयोजित कराई जाएगी। 3,539 पदों के लिए होने वाली परीक्षा में लगभग आठ लाख 68 हजार 531 अभ्यर्थी शामिल होंगे।


सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) भर्ती के लिए जून-2022 में आवेदन लिए गए थे। साथ ही चार बार परीक्षा कार्यक्रम जारी करने के बाद भी परीक्षा नहीं कराई जा सकी।

0 comments:

Post a Comment