Searching...
Monday, June 22, 2026

यूपी में तैयार होगी आपदा मित्र ब्रिगेड, 29772 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, आपदा के दृष्टिकोण से संवेदनशील लखनऊ समेत 25 जिलों में तैयार होगी युवाओं की फौज

यूपी में तैयार होगी आपदा मित्र ब्रिगेड,  29772 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, आपदा के दृष्टिकोण से संवेदनशील लखनऊ समेत 25 जिलों में तैयार होगी युवाओं की फौज

चयनित युवाओं को एसडीआरएफ के बिजनौर स्थित नूरपुर भदरसा में जल्द दी जाएगी सात दिवसीय आवासीय ट्रेनिंग

लखनऊ। बाढ़, भूकंप, आग या किसी भी आपदा के समय राहत और बचाव के लिए उत्तर प्रदेश में अब प्रशिक्षित युवाओं की बड़ी टीम तैयार की जा रही है। राज्य सरकार ने 25 जिलों के 29,772 युवा स्वयंसेवकों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सात दिन का प्रशिक्षण पूरा होने पर हर स्वयंसेवक को 15 वस्तुओं वाली इमरजेंसी रिस्पांडर किट, प्रशिक्षण मॉड्यूल, आई कार्ड और प्रमाणपत्र दिया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर वे प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्य में तुरंत जुट सकें।


प्राधिकरण के राहत आयुक्त एवं अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने इस संबंध में 25 जिलों के डीएम को विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके लिए एनसीसी के कैडेट, एनएसएस के स्वयंसेवक, नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवा स्वयंसेवक और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों को चिह्नित किया गया है।

योजना के तहत लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और वाराणसी में सबसे अधिक 2,000-2,000 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद सहारनपुर में 1,750 और बरेली, प्रयागराज, बुलंदशहर व शामली में 1,500-1,500 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण मिलेगा। महोबा में सबसे कम 490 युवा इस योजना का हिस्सा होंगे। कुल 29,772 युवाओं को आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य के लिए प्रशिक्षित कर स्थानीय स्तर पर त्वरित आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य हर जिले में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का ऐसा नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

इस तरह दिया जाएगा प्रशिक्षण

एनसीसी के 10,200 कैडेट्स, एनएसएस के 5,100, नेहरू युवा केंद्र के 5,200 व भारत स्काउट्स गाइड्स के 9,272 स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव, बाढ़, आग और भूकंप जैसी आपदाओं में राहत कार्य, सुरक्षित निकासी, संचार और आपदा प्रबंधन की अन्य तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment