युवा कल्याण व खेल निदेशालय में 520 पदों पर की जाएगी भर्ती, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया दो भर्ती का विज्ञापन
लखनऊ। प्रदेश के युवा कल्याण व खेल निदेशालय में 520 पदों पर भर्ती होगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बुधवार को दोनों भर्तियों के विज्ञापन जारी कर दिए। पहली भर्ती में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 368 और व्यायाम प्रशिक्षक के 44, कुल 412 पद हैं।
इनके लिए ऑनलाइन आवेदन 16 अक्तूबर से छह नवंबर तक किए जा सकेंगे। शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर है। अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग पीईटी-2025 के आधार पर होगी। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी होगी। इसमें 200 मीटर दौड़, लंबी व ऊंची कूद और गोला फेंक आदि शामिल हैं। लिखित परीक्षा में 100 प्रश्न होंगे, जिसके लिए दो घंटे मिलेंगे। इसमें निगेटिव मार्किंग भी होगी।
दूसरी भर्ती खेल निदेशालय में उप क्रीड़ा अधिकारी, ग्राउंड मैन, सहायक प्रशिक्षक और जीवन रक्षक समेत 108 पदों के लिए है। इसके आवेदन 14 अक्तूबर से चार नवंबर तक होंगे। शुल्क समायोजन व संशोधन 11 नवंबर तक किए जा सकेंगे। इसमें भी पीईटी-2025 के आधार पर अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट होंगे और पीईटी नंबर से पंजीकरण किया जा सकेगा। लिखित परीक्षा 100 प्रश्नों की दो घंटे की होगी और निगेटिव मार्किंग रहेगी। पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर जारी है। महिला अभ्यर्थियों के लिए पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाणपत्र ही मान्य होगा।
0 comments:
Post a Comment