प्रवक्ता भर्ती (PGT) का परिणाम जारी, एडेड विद्यालयों को मिले 18 विषयों में 624 नए प्रवक्ता
प्रयागराजः शिक्षकों की कमी से जूझ रहे प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों को 624 नए प्रवक्ता मिले हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पांच वर्ष से लंबित प्रवक्ता पदों की भर्ती प्रक्रिया को मंगलवार को पूर्ण कर लिया। जिन 18 विषयों में प्रवक्ता चयनित हुए हैं, उसमें भौतिकी, जीवविज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी तथा कला विषय शामिल हैं। इन सभी चयनितों को जल्द ही विद्यालय आवंटित किए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को मिली लंबित भर्तियों में यह पहली है, जो पूरी हुई है। इसके अलावा टीजीटी-2022 में केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन किया जाना था, लेकिन उसमें विषयवार अंतिम कटआफ पर कई अभ्यर्थियों के अंक समान होने पर पद से अधिक अभ्यर्थी शार्टलिस्ट किए गए हैं। इस तरह 3539 पदों की टीजीटी परीक्षा में करीब 7400 अभ्यर्थी चयनित किए गए हैं, जिनका अभिलेख सत्यापन अभी होना है। इस तरह परिणाम घोषित होने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि किन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसके अलावा एडेड महाविद्यालयों की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया अभी गतिमान है। इसकी लिखित परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार अभी कराया जाना है, जिसके लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग ने समयारिणी जारी कर दी है।
उसके बाद साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा के अंक के आधार पर मेरिट तैयार कर अंतिम रूप से चयन परिणाम जारी किया जाएगा। इस तरह लंबित शिक्षक भर्तियों में एक पूर्ण हो गई।

0 comments:
Post a Comment