नई शिक्षक भर्ती के लिए परीक्षा पाठ्यक्रम तैयार कर रहा शिक्षा आयोग, नेगेटिव मार्किंग भी होगी
विभाग ने अभी नगर क्षेत्र के विद्यालयों में 11,508 पद रिक्त होने की दी आफलाइन जानकारी
प्रयागराज : बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षक भर्तियां पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग कराएगा। इसके लिए परीक्षा पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। आयोग ने चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। एकेडमिक (शैक्षिक) मेरिट व्यवस्था खत्म कर दी गई है। लिखित परीक्षा के आधार पर चयन किया जाएगा। परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसमें 90 प्रश्न पाठ्यक्रम से होंगे, जबकि 30 प्रश्न सामान्य ज्ञान (जीएस) के रहेंगे। चयन के लिए श्रेष्ठता सूची 360 अंकों की लिखित परीक्षा के आधार पर तैयार की जाएगी।
इसके पूर्व यह शिक्षक भर्ती परीक्षा उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) कराता था, जिसमें 150 अंकों की परीक्षा के बाद एकेडमिक अंक के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती थी। परीक्षा में 150 प्रश्न पूछे जाते थे और हर प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित थे।
अब शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा कराई जाने वाली लिखित परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न तीन अंक के होंगे।हर प्रश्न के उत्तर के रूप में चार विकल्प दिए जाएंगे। गलत उत्तर देने पर एक अंक काट लिए जाएंगे।
अभी बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोग के पोर्टल पर रिक्तियों का विवरण (अधियाचन) नहीं भेजा गया है, लेकिन आयोग परीक्षा तैयारी के लिए प्रतियोगियों को समय देने के उद्देश्य से परीक्षा पाठ्यक्रम जल्द करने की तैयारी में है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने अभी नगर क्षेत्र के विद्यालयों में 11,508 पद रिक्त होने की आफलाइन जानकारी दी है, लेकिन इसे भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए पोर्टल पर अभी आनलाइन नहीं भेजा गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में 2018 के बाद से कोई शिक्षक भर्ती नहीं आने के कारण बड़ी संख्या में पद रिक्त होना माना जा रहा है।
0 comments:
Post a Comment