Searching...
Monday, July 6, 2026

उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के 64 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के 64 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू


प्रयागराज : उप्रराजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में जुलाई-2026 प्रवेश सत्र का शुभारंभ सोमवार को कुलपति प्रो. सत्यकाम द्वारा किया गया। जुलाई-2026 प्रवेश सत्र में 64 विषयों में प्रवेश प्रारंभ किए गए हैं। इनमें 10 प्रमाण-पत्र कार्यक्रम, सात डिप्लोमा कार्यक्रम, छह स्नातक कार्यक्रम और 24 स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त बीए, बीकाम, बीएससी, बीबीए, बीएलआइएस, एमए, एमकाम, एमबीए, एमसीए, एमएससी, होम साइंस सहित अनेक रोजगारपरक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी प्रवेश लिए जा रहे हैं।


विश्वविद्यालय ने इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह समर्थ पोर्टल के माध्यम से आनलाइन कर दिया है। अब प्रवेशार्थियों को आनलाइन आवेदन पूर्ण होते ही तत्काल नामांकन संख्या प्राप्त हो जाएगी। प्रवेश सत्र के प्रथम विद्यार्थी के रूप में प्रतापगढ़ के अभिषेक कुमार ने बीए कार्यक्रम में प्रवेश लिया तथा अध्ययन केंद्र प्रतापगढ़ का चयन किया। वहीं अध्ययन केंद्र एस 1605 क्षेत्रीय केंद्र अयोध्या के माध्यम से प्रथम स्नातकोत्तर विद्यार्थी का भी आनलाइन प्रवेश किया गया।

कुलपति प्रो. सत्यकाम ने कहा कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूर्णतः आनलाइन प्रवेश व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए समय, श्रम और संसाधनों की बचत करेगी तथा उन्हें घर बैठे सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रवेश प्रभारी प्रो. जेपी यादव ने प्रवेश सत्र की रूपरेखा एवं समर्थ पोर्टल की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

0 comments:

Post a Comment