Searching...
Saturday, July 18, 2026

UPSSSC : अगले महीने PET का जारी होगा विज्ञापन, आयोग ने अनिवार्य किया है OTR

UPSSSC : अगले महीने PET का जारी होगा विज्ञापन, आयोग ने अनिवार्य किया है OTR 
 
19 जुलाई 2026
लखनऊ। प्रदेश में समूह ग की भर्तियों के लिए अनिवार्य प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के लिए विज्ञापन अगस्त में जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। 

इससे पहले आयोग का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करा लिए जाएं। पांच दिन में ही ओटीआर में 67225 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। प्रदेश के विभिन्न विभागों की ओर से समय-समय पर अपने यहां समूह ग की भर्तियों के लिए अधियाचन आयोग को भेजा जाता है। आयोग आवश्यक औपचारिकता पूरी कर उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी करता है।

 इन भर्तियों में आवेदन करने के लिए पीईटी होना अनिवार्य है। यही वजह है कि आयोग की ओर से हर साल पीईटी का आयोजन किया जाता है। आयोग का यह प्रयास है कि वो ज्यादा से ज्यादा युवाओं के ओटीआर में रजिस्ट्रेशन करा ले। इसके बाद अगले महीने पीईटी का विज्ञापन जारी कर परीक्षा का समय से आयोजन किया जाए। 



अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने भर्तियों में वन टाइम रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था शुरू की, पीईटी व आगे की परीक्षाओं के लिए ओटीआर देना अनिवार्य, अभ्यर्थियों को बार बार सूचना नहीं भरनी होगी

15 जुलाई 2026
लखनऊ। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू की है। इससे अभ्यर्थियों को आगे विज्ञापित होने वाले विभिन्न विज्ञापनों के सापेक्ष आवेदन करने के लिए अपनी मूलभूत सूचना को बार-बार नहीं भरना होगा।


इतना ही नहीं आयोग द्वारा आगे विज्ञापित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) व लिखित परीक्षा के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को ओटीआर करना अनिवार्य होगा। आगे आयोग के सभी विज्ञापनों के सापेक्ष आवेदन करने के लिए ओटीआर संख्या का प्रयोग किया जाएगा। ओटीआर की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क है। ओटीआर के लिए नए आवेदन व पीईटी 2025 की पंजीकरण संख्या के आधार पर आवेदन होगा।

आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी ने पीईटी 2025 के लिए आवेदन किया है, तो उसे इसकी पंजीकरण संख्या के आधार पर ओटीआर के लिए आवेदन करना है। ओटीआर के लिए अभ्यर्थियों को मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी देना अनिवार्य है। इस पर आए ओटीपी से सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थी को अपना नाम, जन्मतिथि, पिता माता का नाम, राज्य, गृह जिला, हाईस्कूल अर्हता, पत्राचार के लिए स्थायी पता देना होगा।

उन्होंने बताया है कि ओटीआर के आवेदन में दर्ज सभी जानकारी सही होनी चाहिए, साथ ही अभिलेखों में उपलब्ध विवरण के अनुसार होनी चाहिए।

ओटीआर के आवेदन पत्र को अंतिम रूप से सब्मिट करने से पहले अभ्यर्थी यह सुनिश्चित कर लें कि उनके द्वारा दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह सही हैं। ओटीआर नंबर मिलने के बाद उसमें किसी तरह का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। एक से अधिक ओटीआर करने की अनुमति नहीं है। ऐसा करने पर उनका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment