एडेड विद्यालयों में रिक्त पदों को छिपाने का खुलासा, 600 पद बढ़े, अब कुल 23,800 पदों का अधियाचन किया जा चुका है अपलोड
प्रयागराज। प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को छिपाने का खेल सामने - आया है। निदेशालय की सख्ती के - बाद यह खुलासा हुआ है। कई जिलों ने रिक्त पदों की पूरी जानकारी नहीं दी थी। शुरुआत में 23,213 पदों का अधियाचन भेजा गया था। जिला विद्यालय निरीक्षकों से प्रमाण पत्र मांगने पर करीब 600 पद बढ़ गए। अब कुल 23,800 पदों का अधियाचन अपलोड किया गया है।
गोंडा, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, अयोध्या, जौनपुर, सुल्तानपुर और प्रयागराज जैसे जिले के एडेड स्कूलों के प्रबंधक सीधे आयोग से प्रधानाचार्य की नियुक्ति नहीं चाहते थे। इसलिए वे रिक्त पदों की संख्या को दबाए हुए थे। जिला विद्यालय निरीक्षकों के हस्तक्षेप के बाद सूचनाएं निदेशालय को भेजी गईं। एडी माध्यमिक कामता राम पाल ने बताया कि पद विलुप्त करने की कोशिश हुई थी।
रिक्त पदों की वृद्धि : माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने पहले 23,213 पदों का अधियाचन भेजा था। निदेशालय ने सभी 75 जिला विद्यालय निरीक्षकों से प्रमाण पत्र मांगा। इसमें पूछा गया था कि उनके जिले में कोई अन्य पद रिक्त तो नहीं है। इसके बाद रिक्त पदों की संख्या अचानक बढ़ गई। प्रयागराज के तीन स्कूल भी इसमें शामिल हैं, जिन्होंने पहले सूचना नहीं भेजी थी।
सत्यापन में देरी
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की ओर से तैयार ई-अधियाचन पोर्टल पर जल्द ही पद अपलोड होंगे। गोंडा और अंबेडकरनगर जिलों ने अभी तक सत्यापन रिपोर्ट नहीं भेजी है। सूत्रों के अनुसार, एक जिले में 150 तदर्थ पदों पर नियुक्ति की तैयारी थी। खुलासा होने के बाद सत्यापन भेजने में लीपापोती की जा रही है। दो जिलों की रिपोर्ट आते ही अधियाचन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
शिक्षा निदेशालय के सत्यापन में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों की संख्या 24 हजार के पार पहुंची
15 जून 2026
प्रयागराज। प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों के रिक्त पदों के सत्यापन में पदों की संख्या बढ़ रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से एक महीने पहले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को 23213 रिक्त पदों की सूचना भेजी गई थी। इनमें प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003, प्रवक्ता 2705, सहायक अध्यापक 16114 और सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राइमरी) के 1889 के पद शामिल थे।
कई स्कूलों के प्रबंधकों ने सभी रिक्त पदों की सूचना नहीं भेजी थी। शिक्षा निदेशालय ने दोबारा जिला विद्यालय निरीक्षकों के माध्यम से सत्यापन कराया तो पदों की संख्या बढ़कर 23798 तक पहुंच गई हैं। शिक्षा निदेशालय की ओर से चयन आयोग के पोर्टल पर रिक्त पदों का ब्योरा अपलोड किया जा रहा है और आने वाले समय में रिक्तियों की संख्या और बढ़ने का अनुमान है।
अल्पसंख्यक कॉलेजों का ब्योरा बाद में भेजेंगे
प्रदेश के 319 अशासकीय सहायता प्राप्त अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों के रिक्त पदों की सूचना अलग से भेजी जाएगी। पहले इन कॉलेजों में प्रबंधकों के स्तर से नियुक्ति होती थी। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद 2018 में अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि प्रबंधतंत्र इससे सहमत नहीं था और हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मुकदमेबाजी भी हुई। सुप्रीम कोर्ट ने अल्पसंख्यक संस्थाओं की नियमावली से छेड़छाड़ किए बगैर चयन आयोग के माध्यम से योग्य शिक्षकों की भर्ती को सही ठहराया है।
प्राचार्य के लिए 3000 एवं प्रधानाचार्य का 2000 आवेदन शुल्क तय, नई शिक्षक भर्तियों की तैयारी के साथ शिक्षा सेवा चयन आयोग ने आवेदन शुल्क निर्धारित किए
17 मई 2026
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबित शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की प्रक्रिया के साथ ही नई शिक्षक भर्तियों के लिए भी तैयारी तेज कर दी है। एडेड महाविद्यालयों, एडेड माध्यमिक विद्यालयों, अल्पसंख्यक महाविद्यालयों एवं माध्यमिक विद्यालयों के साथ अटल आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोग ने आवेदन शुल्क निर्धारित कर दिए हैं।
एडेड महाविद्यालय एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालय के प्राचार्य पद के लिए सामान्य श्रेणी/अनारक्षित, ओबीसी अभ्यर्थियों को 3000 रुपये आवेदन शुल्क देय होगा। इसी श्रेणी में एडेड माध्यमिक विद्यालय/अल्पसंख्यक विद्यालय के प्रधानाचार्य पद का आवेदन शुल्क 2000 रुपये निश्चित किया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने ई-अधियाचन पोर्टल लाइव कर दिया है, जिस पर संबंधित विभाग रिक्तियों के विवरण पोर्टल पर भेज सकते हैं। इसी अनुरूप आयोग शिक्षक पदों पर भर्तियों के लिए विज्ञापन जारी कर आनलाइन आवेदन लेगा।
शिक्षकों समेत 85 हजार पदों पर होगी भर्ती, बेसिक, माध्यमिक, उच्च और राजकीय शिक्षा विभाग से संबंधित आयोगों को भेजे जा रहे अधियाचन
कई भर्ती प्रक्रिया शुरु, वर्षों बाद बड़े पैमाने पर भरे जाएंगे रिक्त पद, तैयारी तेज
15 मई 2026
प्रयागराज। प्रदेश में वर्षों बाद बड़े पैमाने पर शिक्षकों समेत अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय इंटर कॉलेजों और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में करीब 85 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी है।
संबंधित विभागों की ओर से रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग व उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेजों के एलटी ग्रेड व प्रवक्ता संवर्ग के 8905 पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सहायता प्राप्त विद्यालयों के 4512 स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के 23213 पदों का ऑफलाइन अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया गया है। साथ ही रिक्त पदों के अनुसार ऑनलाइन अधियाचन अपलोड करने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग में एडेड व राजकीय महाविद्यालयों के करीब 4000 पदों पर भर्ती की तैयारी है। इनमें एडेड कॉलेजों में लगभग 2200 असिस्टेंट प्रोफेसर और 175 प्राचार्यों के पद शामिल हैं। इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेजों में 1553 असिस्टेंट प्रोफेसर, 158 लिपिक व कनिष्ठ सहायक, निदेशालय के 26 लिपिक और कई स्टेनो पदों का अधियाचन भेजा जा चुका है।
प्रदेश में 330 एडेड, 216 राजकीय तथा 21 अल्पसंख्यक डिग्री कॉलेज संचालित हैं। अल्पसंख्यक कॉलेजों के करीब 150 रिक्त पदों का अधियाचन अभी लंबित है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा ने बताया कि प्राप्त रिक्तियों के अनुसार अधियाचन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसी तरह अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय द्विवेदी ने बताया कि राजकीय विद्यालयों के 8905 पदों का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। अन्य रिक्त पदों का अधियाचन भी शीघ्र भेजा जाएगा।
उत्तर प्रदेश में 2.17 लाख शिक्षकों के पद रिक्त
शिक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति की हालिया रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में शिक्षकों के 2.17 लाख पद रिक्त बताए गए हैं। इनमें करीब 1.43 लाख पद प्राथमिक विद्यालयों के हैं। समिति ने रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरने की सिफारिश की है।
अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में 24,849 पद रिक्त
अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) व प्रवक्ता (पीजीटी) के 24849 पद रिक्त हैं। इसमें प्रवक्ता के 4384 पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति की जिम्मेदारी शिक्षा सेवा चयन आयोग के पास है। पीजीटी की परीक्षा आयोग करा चुका है। टीजीटी की परीक्षा जून में है
एडेड माध्यमिक विद्यालयों में 23 हजार शिक्षकों-प्रधानाचार्यों की भर्ती के लिए खुला अवसर, माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा अधियाचन
प्रवक्ताओं व सहायक अध्यापक के पद भी भरे जाएंगे
14 मई 2026
लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में नए सत्र में 23213 शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पदों पर भर्ती होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को सीधी भर्ती के खाली पदों का अधियाचन भेजा है। अब आयोग इसकी आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।
प्रदेश के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में पिछली बार 2016 में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी किंतु यह पूरी 2021 में हुई थी। इस तरह लंबे समय बाद खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई है। विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजे अधियाचन के अनुसार प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003, प्रवक्ता के 2705, सहायक अध्यापक (शिक्षक) के 16114 व सहायक अध्यापक (संबद्ध प्राइमरी) के 1889 कुल 23213 पद खाली हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी की ओर से आयोग को रिक्त पदों का अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने कहा है कि 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में संस्था प्रधानों व शिक्षकों के सीधी भर्ती के अंतर्गत जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने बताया कि भौतिक रूप से अधियाचन देने के साथ ही ई-पोर्टल पर भी इसकी सूचना भेजी जा रही है।
4479 विद्यालयों में भर्तियां
प्रदेश में 4512 एडेड विद्यालय हैं। इनमें 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के पद खाली हैं। यहां लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के मिलने से इन विद्यालयों की पठन-पाठन प्रक्रिया को गति मिल सकेगी। वर्तमान में अधिकतर विद्यालयों में इन खाली पदों की जगह वर्तमान शिक्षकों से ही पठन-पाठन का काम पूरा कराया जा रहा है। इससे कई बार छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। जो अब नए सत्र में सामान्य हो सकेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग में भी चल रही है तैयारी:
माध्यमिक के साथ ही प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में भी लंबे समय से शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती की मांग युवाओं की तरफ से की जा रही है। इसके लिए समय-समय पर उनके द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया गया है। पिछले साल विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग भी खाली पदों पर भर्ती कर सकता है। विभाग में इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।
अभी 4163 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए 2022 से चल रही पीजीटी व टीजीटी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत पीजीटी (प्रवक्ता भर्ती परीक्षा) नौ व 10 मई को 624 पद के लिए आयोजित की गई थी। वहीं टीजीटी (सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा) तीन व चार जून को प्रस्तावित है। इसके 3539 पद हैं। इस तरह 4136 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। दूसरी तरफ एडेड डिग्री कॉलेजों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 18 व 19 अप्रैल को हुई है। इसमें 1017 पद हैं।
0 comments:
Post a Comment