Searching...
Friday, August 5, 2022

लेखपाल के रिक्त पदों पर होगी भर्ती, 5000 से ज्यादा पद खाली, 8085 पदों पर भर्ती के बावजूद 3233 पद हैं रिक्त

लेखपाल के रिक्त पदों पर होगी भर्ती, 5000 से ज्यादा पद खाली, 8085 पदों पर भर्ती के बावजूद 3233 पद हैं रिक्त

लखनऊ : प्रदेश में जल्द ही राजस्व लेखपाल के 5000 से ज्यादा पद खाली हो जाएंगे। इनमें से लगभग 2000 पद लेखपालों की राजस्व निरीक्षक के पद पर इसी माह प्रस्तावित पदोन्नति के बाद रिक्त होंगे। लेखपाल संवर्ग की इन रिक्तियों को भरने के लिए राजस्व परिषद तैयारी कर रहा है।

प्रदेश में लेखपालों के 30,827 पद सृजित हैं। इनमें से 3600 पद अस्थायी तौर पर सृजित हैं। लेखपालों के कुल पदों में से 19,509 पद वर्तमान में भरे हुए हैं जबकि 11318 खाली हैं। खाली पदों में से 8085 को भरने के लिए उप अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने हाल ही में लिखित परीक्षा कराई है।

परीक्षा के आधार पर 8085 लेखपाल चयनित हो जाने के बाद भी 3233 पद खाली रहेंगे। उधर राजस्व निरीक्षकों के 2200 से अधिक रिक्त पदों पर लेखपालों और अमीनों की पदोन्नति होनी है। राजस्व निरीक्षकों के पद पर लेखपालों की पदोन्नति के लिए राजस्व परिषद 22 अगस्त को विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक कराने की तैयारी कर रहा है। पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने पर लगभग 2000 लेखपाल राजस्व निरीक्षक बन जाएंगे। राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति के बाद लेखपाल संवर्ग के तकरीबन 2000 पद खाली भी हो जाएंगे। इस तरह जल्द ही लेखपाल के लगभग पांच हजार से ज्यादा पद खाली हो जाएंगे राजस्व परिषद लेखपाल के इन रिक्त पदों पर भर्ती कराने की तैयारी राजस्व परिषद कर रहा है। नियमावली में संशोधन के जरिये लेखपाल के अस्थायी पदों को स्थायी करने का भी इरादा है। नियमावली में संशोधन के जरिये लेखपाल भर्ती के परीक्षा आयोजित करने का अधिकार उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को देने का प्राविधान किया जाएगा। अभी यह व्यवस्था शासनादेश के माध्यम से लागू है।


72 तहसीलदार बनेंगे डिप्टी कलेक्टर

प्रदेश के 72 तहसीलदार जल्द ही डिप्टी कलेक्टर के पद पर प्रोन्नत होंगे। लोक सेवा आयोग ने उनकी प्रोन्नति पर मुहर लगा दी है। अभिलेखों के परीक्षण के बाद नियक्ति विभाग जल्द ही पदोन्नति के आदेश जारी करेगा। गौरतलब है कि डिप्टी कलेक्टर के 82 पदों पर तहसीलदारों के प्रमोशन के लिए बीती 18 जुलाई को उप्र लोक सेवा आयोग में विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक हुई थी। डिप्टी कलेक्टर के इन पदों पर उन तहसीलदारों की पदोन्नति होनी है जो वर्ष 2013-14 तक नायब तहसीलदार के पद पर मौलिक नियुक्ति पा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या उन तहसीलदारों की है जो जून 2011 तक नायब तहसीलदार के पद पर मौलिक नियुक्ति पा चुके हैं। सूत्रों के " अनुसार 10 तहसीलदारों के लिफाफे बंद होने के कारण आयोग ने 72 तहसीलदारों की डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नति पर मुहर लगा दी है।



लेखपाल के 5685 पदों पर होगी भर्ती, 3600 सृजत होंगे नए पद


लखनऊ :  यूपी में राजस्व लेखपाल के 5685 और पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसमें जल्द ही सृजित होने वाले 3600 नए पद और मौजूदा समय खाली 2085 पद शामिल होंगे।


प्रदेश में मौजूदा समय राजस्व लेखपाल के मूल पद 27,237 हैं। इसे बढ़ाकर 30837 करने की तैयारी है। मूल पदों की संख्या बढ़ने के बाद लेखपाल के 3600 पदों पर अतिरिक्त सृजित हो जाएंगे। पुराने पदों में मौजूदा समय खाली 10170 पदों में 8085 पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, इसमें 2085 पद खाली हैं। प्रदेश में राजस्व लेखपाल के पदों का निर्धारण सालों पहले किया गया था। मौजूदा समय इनके जिम्मे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने से लेकर कई अहम काम हैं। इसीलिए उच्च स्तर पर मूल पदों को बढ़ाने पर सहमति बनी है।

उत्तर प्रदेश लेखपाल सेवा नियमावली में इसकी व्यवस्था की जा रही है।

नियमावली में इसके साथ ही लेखपाल भर्ती का अधिकार उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को देने का प्रावधान किया जा रहा है। अभी शासनादेश के आधार पर यह अधिकार आयोग को दिया गया है, लेकिन नियमावली में राजस्व परिषद द्वारा गठित समिति के माध्यम से कराए जाने की व्यवस्था है। राजस्व परिषद के प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर सहमति बन गई है।

0 comments:

Post a Comment