Searching...
Saturday, August 1, 2026

अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों की भर्ती परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न होंगे सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य

अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों की भर्ती परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न होंगे सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य

प्रयागराज : प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शिक्षाा सेवा चयन आयोग ने शनिवार को सामान्य अध्ययन का विस्तृत पाठ्यक्रम अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। आयोग के जनसंपर्क अधिकारी एवं उपसचिव डा. संजय सिंह के अनुसार सामान्य अध्ययन का पाठ्यक्रम पिछली असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के समान ही रखा गया है। इसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया है। लिखित परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 30 प्रश्न सभी विषयों के अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होंगे। इसलिए विज्ञान, कला, वाणिज्य या किसी भी विषय के अभ्यर्थियों को इस खंड की समान रूप से तैयारी करनी होगी।

पाठ्यक्रम के अनुसार समसामयिक घटनाओं से जुड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रमुख मुद्दे, महत्वपूर्ण व्यक्तित्व, खेल जगत की प्रमुख घटनाएं तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीनतम शोध से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा अभ्यर्थियों की शिक्षण एवं शोध संबंधी समझ का भी आकलन किया जाएगा। इस खंड में शिक्षण की प्रकृति, उद्देश्य, आवश्यकता, विभिन्न शिक्षण विधियां, मूल्यांकन प्रणाली, शिक्षण को प्रभावित करने वाले कारक, शोध की अवधारणा, शोध पद्धति, आंकड़ों के स्त्रोत, संकलन एवं विश्लेषण तथा भारतीय उच्च शिक्षा के गुणात्मक विकास में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की भूमिका से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। 

सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आइसीटी) भी परीक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। मानव एवं पर्यावरण विषय में मानव और पर्यावरण के परस्पर संबंध, पर्यावरणीय क्षरण के कारण एवं उसके निवारण, पर्यावरण संरक्षण के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों पर प्रश्न शामिल किए गए हैं। वहीं भारतीय इतिहास एवं भूगोल के अंतर्गत भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषताएं, 1857 से 1950 तक का भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, ब्रह्मांड की उत्पत्ति, सौर मंडल तथा भारत के सामान्य भूगोल से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। भारतीय संविधान एवं अर्थव्यवस्था खंड में संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार, राज्य के नीति निदेशक सिद्धांत, विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग और लोक सेवा आयोग से संबंधित विषय शामिल हैं।



असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में अब नेगेटिव मार्किंग, शिक्षा सेवा चयन आयोग ने नई परीक्षा योजना को दी मंजूरी

अब विषय के 90 और जीएस के 30 प्रश्न पूछे जाएंगे

उच्च शिक्षा निदेशालय ने 2107 रिक्त पदों की सूचना भेजी है

प्रयागराज। प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती परीक्षा का पैटर्न बदल दिया गया है। दो घंटे की लिखित परीक्षा में पहले 100 प्रश्न हल करने होते थे लेकिन नई भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा में दो घंटे में ही 120 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव है कि पेपर में नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) लागू कर दी गई है। किसी प्रश्न का गलत उत्तर देने पर एक तिहाई या एक नंबर काट लिए जाएंगे। पहले नेगेटिव मार्किंग नहीं थी।


उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रश्नपत्र का प्रारूप बदलते हुए लिखित परीक्षा में विषय से संबंधित 90 प्रश्न और सामान्य अध्ययन के 30 कुल 120 प्रश्न पूछने का निर्णय लिया है। सभी प्रश्न तीन-तीन अंक के होंगे और पूरा प्रश्नपत्र 360 अंकों का होगा। इससे पहले विज्ञापन संख्या 51 के तहत अप्रैल में आयोजित लिखित परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 30 जबकि विषय से संबंधित 70 प्रश्न कुल 100 प्रश्न पूछे गए थे। दो-दो अंकों के प्रत्येक प्रश्न थे और पूरा पेपर 200 नंबर का था।

प्रतियोगी छात्रों ने भी चयन आयोग के इस निर्णय का स्वागत किया है। छात्रों की मानें तो पाठ्यक्रम बहुत अधिक था और विषय से संबंधित 70 प्रश्नों में पूरे पाठ्यक्रम का मूल्यांकन नहीं हो पाता था। उदाहरण के तौर पर हिन्दी विषय के पाठ्यक्रम में 50 से अधिक किताबें शामिल हैं और प्रश्न केवल 70 पूछे जाते थे।

एडेड कॉलेजों में प्राचार्य के 111 पदों पर मंगलवार को चयन प्रक्रिया शुरू करने के बाद आयोग जल्द ही उच्च शिक्षा निदेशालय से प्राप्त असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 रिक्त पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी में है और दिसंबर तक चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।


टीजीटी-पीजीटी में पहली बार पूछेंगे जीएस के प्रश्न

प्रयागराज। प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) और प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा के पैटर्न में भी बदलाव किया गया है। मई और जून में आयोजित भर्ती परीक्षा में केवल संबंधित विषय के प्रश्न पूछे गए थे। अब दो घंटे की लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी रहेंगे।

0 comments:

Post a Comment