रेलवे ग्रुप डी में 30 हजार पदों पर होगी भर्ती, बोर्ड ने मांगी खाली पदों की संख्या
सितंबर अक्टूबर में अधिसूचना, दिसंबर में शुरू हो जाएगा आवेदन
20 अगस्त तक तय हो जाएगा हर रेलवे जोन में कितने खाली हैं पद
प्रयागराज : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे देश भर के लाखों युवाओं के लिए उम्मीद भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए लेवल-वन (पूर्व में ग्रुप डी) श्रेणियों में रिक्त पदों का आकलन करने की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। बोर्ड उत्तर मध्य रेलवे सहित देश के सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों में खाली पदों का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा है।
इस प्रक्रिया के पूरा होते ही रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा देश भर में लगभग 30 हजार पदों पर नई भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन सितंबर-अक्टूबर में जारी हो जाएगा और दिसंबर से पहले-पहले आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया गया है कि वे ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम के इंडेंट मैनेजमेंट माड्यूल के माध्यम से 31 दिसंबर 2027 तक होने वाली संभावित रिक्तियों का सटीक आकलन करें।
मंडल और यूनिट स्तर पर 14 अगस्त के बीच खाली पदों का डाटा फीड किया जाएगा, जोनल मुख्यालय स्तर पर 10 से 20 अगस्त 2026 तक इन आंकड़ों की समीक्षा और अंतिम स्वीकृति दी जाएगी। नई भर्ती में तकनीकी और गैर-तकनीकी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न 14 विभागों को शामिल किया गया है। 2024 और 2025 की भर्तियों के अधिसूचित पदों को नए आकलन में शामिल नहीं किया जाएगा।
उप मुख्य कार्मिक अधिकारी मनीष एन मेहता ने बताया माह के अंत तक सभी जोनों से कुल रिक्तियों का आंकड़ा स्पष्ट हो जाएगा।
0 comments:
Post a Comment