टीजीटी भर्ती में हिंदी बालक वर्ग के सर्वाधिक 2,539 पद, शिक्षा निदेशालय ने 20 विषयों की 17,740 रिक्तियों का भेजा आनलाइन विवरण
प्रयागराज : अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के रिक्त पदों का विवरण शिक्षा निदेशालय ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर आनलाइन भेजा है। इसमें टीजीटी के 20 तथा पीजीटी के 34 विषय शामिल हैं, जिनके रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। अधियाचन विषयवार बालक और बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग भेजा गया है। टीजीटी बालक वर्ग में हिंदी विषय में सबसे ज्यादा 2,539 पद हैं। सबसे कम एक-एक पद बांग्ला, फारसी और गुजराती विषय में हैं।
माध्यमिक और उच्च शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों के अलग अलग पदों पर भर्तियां करने के लिए आनलाइन माध्यम से अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा है। इसमें टीजीटी के 20 विषयों को मिलाकर कुल 17,740 पद रिक्त हैं। हिंदी विषय में सर्वाधिक रिक्ति के बाद अंग्रेजी विषय (2,340 पद) इस मामले में दूसरे नंबर पर है।
इस क्रम में विज्ञान में 2278, सामाजिक विज्ञान में 2,265 तथा गणित में 2,188 पद रिक्त हैं। इसके विपरीत, सबसे कम रिक्त पद वाले विषयों में बांग्ला, फारसी, गुजराती हैं, जिसमें केवल एक-एक पद हैं। इसके बाद सबसे कम पद वाले विषयों में सिलाई में 14 पद, शारीरिक शिक्षा में 16 पद हैं। इसके अलावा पीजीटी के लिए 34 विषयों के अधियाचनों के परीक्षण के बाद विषयवार भर्ती परीक्षा के लिए विज्ञापन होगा।
0 comments:
Post a Comment