Searching...
Saturday, February 28, 2026

फार्मासिस्ट के 560 पदों पर भर्ती के आवेदन नौ मार्च से, PET 2025 के आधार पर लिखित परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट होंगे अभ्यर्थी

फार्मासिस्ट के 560 पदों पर भर्ती के आवेदन नौ मार्च से, PET 2025 के आधार पर लिखित परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट होंगे अभ्यर्थी

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम


लखनऊ। प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत फार्मासिस्ट के 560 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा करने की प्रक्रिया नौ मार्च से शुरू होकर 29 मार्च तक चलेगी। वहीं शुल्क समायोजन व आवेदन में संशोधन पांच अप्रैल तक किए जा सकेंगे।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने शनिवार को फार्मासिस्ट भर्ती के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग ने कहा है कि केवल वही अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं जो विज्ञापित पद के लिए निर्धारित अनिवार्य योग्यता रखते हो व प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2025 में शामिल हुए हो। पीईटी 2025 के स्कोर के आधार पर मेरिट के अनुसार अभ्यर्थी लिखित परीक्षा के लिए शार्ट लिस्ट किए जाएंगे।


आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया है कि आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से ही लिए जाएंगे। अभ्यर्थी विज्ञापन में दिए दिशा-निर्देश को पूरा पढ़कर ही आवेदन करें। आवेदन की अंतिम तिथि 29 मार्च तक संबंधित आवश्यक अनिवार्य अर्हता व इससे जुड़े प्रमाण पत्र अवश्य प्राप्त कर लें। अभ्यर्थी अपना रजिस्ट्रेशन पीईटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के सापेक्ष पंजीकृत मोबाइल नंबर से कर सकते हैं।

उन्होंने कहा है कि सभी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये है। इसके बाद लिखित परीक्षा के लिए शार्ट लिस्ट अभ्यर्थियों को अलग शुल्क देना होगा। अभ्यर्थी आवेदन पूरा होने के बाद इसका प्रिंट आउट जरूर ले लें। भर्ती के लिए अर्हता मान्यता प्राप्त संस्थान से फार्मेसी का डिप्लोमा है। अभ्यर्थी का स्टेट फार्मेसी काउंसिल में पंजीकरण होना चाहिए। अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 साल होनी चाहिए। भर्ती से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।


100 नंबर की परीक्षा दो घंटे की होगी

आयोग ने भर्ती कार्यक्रम के साथ ही परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम भी जारी किया है। इसमें 100 नंबर की परीक्षा दो घंटे में होगी। हर सवाल एक नंबर का होगा और निगेटिव मार्किंग भी होगी। 65 नंबर विषय से जुड़े सवालों के लिए, 20 नंबर उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य ज्ञान और 15 नंबर कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार से संबंधित होंगे। वहीं महिला अभ्यर्थियों के मामले में पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।



फार्मासिस्ट के 560 पदों पर भर्ती के आवेदन नौ मार्च से, आवेदन के लिए अंतिम तारीख 29 मार्च

आवेदकों को संशोधन का मौका पांच अप्रैल तक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के अधीन फार्मासिस्ट के 560 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए 9 मार्च से आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 29 मार्च है। आवेदन में संशोधन की तिथि पांच अप्रैल है।

आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने शनिवार को भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी की। आवेदन के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 वाले पात्र होंगे। इसके स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया जाएगा। आवेदन https://upsssc.gov.in पर लिए जाएंगे। कुल पदों में अनारक्षित वर्ग के 224, अनुसूचित जाति 118, अनुसूचित जनजाति 11, अन्य पिछड़ा वर्ग 151 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 56 पद हैं। सभी वर्गों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है।

 फार्मासिस्ट के पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश भेषजिक सेवा नियमावली 1980 के अनुसार किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में फार्मेसी में डिप्लोमा के साथ स्टेट फार्मेसी काउंसिल उत्तर प्रदेश में पंजीकृत होने वाला पात्र होगा। भर्ती के लिए 18 से 40 वर्ष की आयु वाले पात्र होंगे। अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और ऐसी अन्य श्रेणियों जिसे सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित किया गया है उन्हें आयु सीमा में उतने साल की छूट दी जाएगी। भर्ती के लिए 100 अंकों की दो घंटे की परीक्षा होगी। वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे।

0 comments:

Post a Comment