6 जुलाई तक होंगे इसके लिए ऑनलाइन आवेदन
लखनऊ। होमगार्ड्स विभाग में प्लाटून कमांडर के 52 पदों व ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 243 पदों (कुल 295) पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 16 जून से 06 जुलाई तक होंगे। जबकि शुल्क समायोजन व आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बुधवार को इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
आयोग ने बताया कि भर्ती के लिए प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा 2025 में शामिल अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। मुख्य परीक्षा के लिए पीईटी स्कोर के आधार पर अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे। अभ्यर्थी पीईटी रजिस्ट्रेशन नंबर से भी अपना आवेदन कर सकते हैं। आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही किए जाएंगे। सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को 25 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। जबकि मुख्य परीक्षा के लिए शार्ट लिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों से अलग से शुल्क लिया जाएगा।
आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी सभी आवश्यक प्रमाणपत्र जरूर हासिल कर लें। महिला अभ्यर्थियों के मामले में पिता पक्ष से निर्गत जाति प्रमाणपत्र ही मान्य होगा। इसके लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (अवैतनिक विभागीय कर्मचारी वर्ग के लिए इंटर) योग्यता है। जबकि न्यूनतम आयु 21 वर्ष से कम और अधिकतम 40 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा भी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 4.8 किमी की दौड़ 25 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों के लिए 2.4 किमी की दौड़ 14 मिनट में करनी होगी। वहीं शारीरिक मानक भी तय किए गए हैं। इसके बाद लिखित परीक्षा 100 नंबर की होगी। इसमें माइनस मार्किंग भी होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए आयोग ने पाठ्यक्रम व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी इन्हें पढ़कर ही आवेदन करें।
0 comments:
Post a Comment