Searching...
Tuesday, March 31, 2026

सहकारी बैंकिंग एवं तकनीकी सेवा में विशेष चयन परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, 15 अप्रैल अंतिम तिथि

सहकारिता की संस्थाओं में अगले छह महीने में होंगी 20 हजार भर्तियां, सेवा मंडल ने रिक्त पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की

सहकारिता मंत्री ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत भर्ती के दिए निर्देश

लखनऊः लंबे इंतजार के बाद सहकारिता विभाग की संस्थाओं में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले छह महीनों में सहकारिता की शीर्ष संस्थाओं के साथ ही बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (एम-पैक्स) में लगभग 20 हजार पदों पर भर्तियां की जाएंगी। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने छह महीने के अंदर सभी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल को दिए हैं।

सेवा मंडल की तरफ से अभी जिला सहकारी बैंकों में प्रबंधक, कनिष्ठ प्रबंधक, सहायक असिस्टेंट, सहायक के साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड में सहायक अभियंता (सिविल) के कुल 116 पदों पर विशेष चयन के लिए प्रदेश के अनुसूचित जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इन पदों के लिए अभ्यर्थी 15 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।

सेवा मंडल अध्यक्ष के मुताबिक सहकारिता की शीर्ष संस्थाओं-उत्तर प्रदेश स्टेट कोआपरेटिव बैंक लि. (यूपीएससीबी), उ.प्र. सहकारी ग्राम विकास बैंक लि. (यूपीएसजीवीबी), 50 जिला सहकारी बैंक (डीसीबी). उ.प्र. कोआपरेटिव फेडरेशन लि. (यूपीपीसीएफ), उ.प्र. उपभोक्ता सहकारी संघ, उ.प्र. राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. (यूपीआरएनएसएस) तथा उ.प्र. राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लि. (यूपीसीएलडीएफ) में 2500 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए जल्द आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है।

सहकारिता की शीर्ष संस्थाओं में लगभग 5000 पद रिक्त हैं जिनमें से अकेले जिला सहकारी बैंकों में ही 1751 पद रिक्त हैं। एम-पैक्स में सचिव के लगभग 5000 तथा लेखाकार के 3000 पदों पर नियमित भर्तियां की जाएंगी। एम-पैक्स पर ही 5000 से अधिक कंप्यूटर सहायक आउटसोर्स के माध्यम से रखे जाएंगे। जिन एम-पैक्स में चौकीदार नहीं हैं, वहां चौकीदारों की भर्ती भी की जाएगी। कुल लगभग 20 हजार रिक्त पदों पर भर्तियां होनी है।

राठौर ने बताया कि छह महीने के अंदर सहकारिता की शीर्ष संस्थाओं के साथ ही बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियां (एम-पैक्स) की सभी भर्तियां पारदर्शी प्रक्रिया के तहत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह भर्तियां होने पर सरकारी संस्थाएं और बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकेंगी। बैकिंग संस्थाओं की भर्तियां इंस्टीट्यूट आफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (आइबीपीएस) के माध्यम से कराई जाएंगी। एम-पैक्स की भर्तियां जिला स्तर पर चयन समिति का गठन कर की जाएंगी।




सहकारी बैंकिंग एवं तकनीकी सेवा में विशेष चयन परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, 15 अप्रैल अंतिम तिथि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल, लखनऊ द्वारा सम्मिलित सहकारी बैंकिंग तथा तकनीकी सेवा परीक्षा (विशेष चयन)–2026 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।


जारी विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यह विशेष चयन उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जिला सहकारी बैंक लिमिटेड में प्रबंधक के 7 पद, कनिष्ठ प्रबंधक के 45 पद, सहायक/कैशियर (बैंकिंग असिस्टेंट/क्लेरिकल स्टाफ) के 57 पद तथा सहायक/टंकक के 2 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड में सहायक अभियंता (सिविल) के 5 पद भी भरे जाएंगे।

सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पूर्व विस्तृत अधिसूचना पढ़ने की सलाह दी गई है, जो उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

सेवा मंडल के सचिव ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी।

0 comments:

Post a Comment