असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों हेतु भर्ती परीक्षा 18 व 19 अप्रैल को
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर (सहायक आचार्य) भर्ती परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को मंडल मुख्यालयों के प्रयागराज, लखनऊ सहित प्रदेश के छह जिलों में आयोजित होगी। लगभग 910 पदों के लिए इस परीक्षा में 82,876 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
आयोग के सचिव मनोज कुमार के अनुसार, इससे पहले 16 एवं 17 अप्रैल 2025 को आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का परिणाम 4 सितंबर 2025 को घोषित किया गया था, लेकिन परीक्षा में हुई अनियमितता के कारण सक्षम स्तर से उसे निरस्त कर दिया गया था। बताया कि इस बार परीक्षा को कड़े सुरक्षा मानकों, पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, पाली सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं एवं प्रवेश पत्र जारी करने की जानकारी जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी। बीएड विषय से संबंधित आवेदन और परीक्षा की सूचना अलग से आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
वहीं, प्रतियोगी छात्र प्रतिनिधिमंडल के शीतला प्रसाद ओझा ने मांग की है कि सामूहिक नकल और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार तथा अक्षम व अनुभवहीन लोगों को परीक्षा प्रक्रिया से दूर रखा जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित हो सके।
आयोग के चेयरमैन प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया में गोपनीयता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस बार परीक्षा के विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग एजेंसियों की नियुक्ति की जाएगी और पिछली परीक्षा में सामने आई खामियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
0 comments:
Post a Comment