उत्तर प्रदेश पुलिस में होगी 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती, सीएम योगी का ऐलान
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस वर्ष पुलिस में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। ये भर्तियां उपनिरीक्षक, आरक्षी नागरिक पुलिस, रेडियो सहायक परिचालक, कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड-ए तथा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) सहित विभिन्न श्रेणियों में की जाएंगी। उन्होंने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को निर्देश दिए कि सीधी भर्तियां पारदर्शिता और आरक्षण प्रविधानों के अनुसार कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार देर शाम अपने आवास पर पुलिस विभाग और उससे संबंधित विभिन्न इकाइयों की कार्ययोजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) की रणनीतिक लोकेशन तय करने तथा इनके सतत मूवमेंट को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में लगभग छह मिनट के औसत रिस्पांस टाइम को और कम करने के लिए तकनीक, डाटा आधारित पेट्रोलिंग और फील्ड समन्वय को बेहतर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जन भवन, मुख्यमंत्री आवास और पुलिस मुख्यालय सहित महत्वपूर्ण स्थलों पर लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि अग्निशमन व आपात सेवा को और बेहतर बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने 'एक तहसील-एक फायर टेंडर' के लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
0 comments:
Post a Comment