Searching...
Monday, April 13, 2026

अब मेरिट से यूपी के पैरामेडिकल डिग्री कोर्स में होगा दाखिला, नहीं देनी होगी प्रवेश परीक्षा

अब मेरिट से पैरामेडिकल डिग्री कोर्स में होगा दाखिला, नहीं देनी होगी प्रवेश परीक्षा 

विश्वविद्यालय स्तर से तैयार होगी मेरिट सूची, पिछले वर्ष निजी क्षेत्र की एक हजार सीटें रहीं थीं खाली

लखनऊ। प्रदेश में पैरामेडिकल डिग्री कोर्स में दाखिला लेने के लिए इस बार छात्रों को प्रवेश परीक्षा नहीं देनी होगी। इस वर्ष मेरिट के जरिये प्रवेश होंगे। यह मेरिट सूची संबंधित विश्वविद्यालय स्तर से बनेगी। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।


प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं निजी कॉलेजों में चल रहे बैचलर इन फिजियोथेरेपी, रेडियोलाजी, एमआरआई टेक्नीशियन, ऑपरेशन थियेटर, आप्टोमेट्री, रीनल डायलिसिस, रेस्पेरेटरी टेक्नीशियन आदि कोर्स में करीब 10 हजार से अधिक सीटें हैं। डिग्री स्तर की इन सीटों पर दो साल से लिखित प्रवेश परीक्षा कराई जा रही थी। प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर मेरिट बनती थी। फिर उसी आधार पर काउंसिलिंग के जरिये सीटें आवंटित की जा रही थीं।

 पिछले वर्ष निजी क्षेत्र की करीब एक हजार से अधिक सीटें खाली रह गईं। इसी बीच राष्ट्रीय सहबद्ध और स्वास्थ्य देखरेख काउंसिल ने भी पैरामेडिकल के डिग्री कोर्स में मेरिट से दाखिले पर सहमति जताई है। ऐसे में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने पैरामेडिकल के सभी डिग्री कोर्स में मेरिट के जरिये दाखिला लेने का निर्देश दे दिया है। 

प्रदेश के जितने भी निजी कॉलेज अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय से जुड़ें हैं, उनकी मेरिट इसी विश्वविद्यालय से बनेगी। इसी तरह अन्य विश्वविद्यालय भी अपने-अपने कॉलेजों के लिए मेरिट सूची तैयार करेंगे। 

0 comments:

Post a Comment