कॉलेजों और सह शिक्षा महाविद्यालयों में होगी सहायक आचार्य (बीएड) की नियुक्ति, 107 पदों पर भर्ती के लिए संशोधित विज्ञापन जारी
28 अप्रैल से शुरु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 27 मई निर्धारित की गई
केवल वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने 31 अगस्त 2022 तक निर्धारित अर्हता पूर्ण कर ली हो।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक आचार्य (बीएड) के 107 पदों पर भर्ती के लिए संशोधित विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों में 27 महिला महाविद्यालयों और 80 सह शिक्षा महाविद्यालयों के लिए नियुक्ति की जाएगी। दो पद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित और चार पद दिव्यांगों के लिए आरक्षित हैं।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के 12 फरवरी 2026 और 11 मार्च 2026 के आदेशों के आधार पर बीएड सहायक आचार्य पद की नई शैक्षिक अर्हता निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 27 मई है। अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन और शुल्क संबंधित समाधान का भी मौका दिया जाएगा। प्रस्तावित लिखित परीक्षा 28 जुलाई को होगी।
आयोग के अनुसार, नौ जुलाई 2022 और 23 मई 2025 के पूर्व विज्ञापनों में आवेदन कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को फिर से आवेदन करना होगा, हालांकि उन्हें दोबारा आवेदन शुल्क नहीं देना पड़ेगा। वहीं, जो अभ्यर्थी निर्धारित अर्हता पूरी नहीं करते हैं, वे आवेदन शुल्क वापसी के लिए आयोग को प्रार्थना पत्र दे सकते हैं।
यह भर्ती प्रतापगढ़, कानपुर नगर, बांदा, जालौन, हमीरपुर, आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, संभल, जौनपुर समेत 21 जिलों के महाविद्यालयों के लिए की जाएगी।
सहायक आचार्य भर्ती की यह है पृष्ठभूमि
वर्ष 2022 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत 1017 सहायक आचार्य पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे, जिनमें बीएड के 107 पद शामिल थे। हालांकि बीएड अर्हता को लेकर विवाद उत्पन्न होने पर मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। उच्च न्यायालय ने नौ दिसंबर 2022 के आदेश में एनसीटीई मानकों के अनुरूप अर्हता न होने के कारण बीएड के 107 पदों का विज्ञापन निरस्त कर पुनः विज्ञापन जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 23 मई 2025 को संशोधित विज्ञापन जारी किया गया, लेकिन पुनः अर्हता संबंधी विवाद की वजह से मामला शासन को भेजा गया। अब शासन से नई अर्हता निर्धारित होने के बाद आयोग ने संशोधित विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में सहायक आचार्य के 1017 पदों पर भर्ती के लिए संशोधित प्रक्रिया लागू करते हुए आवेदन फिर से आमंत्रित किए हैं। इनमें बीएड विषय के 107 पद भी शामिल हैं। इस भर्ती के लिए मूल विज्ञापन वर्ष 2022 में जारी हुआ था, लेकिन अर्हता संबंधी विवादों के चलते प्रक्रिया बार-बार प्रभावित होती रही।
आयोग के सचिव के अनुसार, पूर्व में 9 जुलाई 2022 और 23 मई 2025 के संशोधित विज्ञापनों के तहत आवेदन करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को पुनः आवेदन करना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ईमेल के माध्यम से आवेदन संख्या भेजी गई है, जिसका उपयोग कर वे नया आवेदन कर सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि, वे अभ्यर्थी जो 31 अगस्त 2022 तक निर्धारित शैक्षिक योग्यता पूरी नहीं कर पाए थे, वे कार्यालय के कार्य दिवस में सचिव, शिक्षा सेवा चयन आयोग को संबोधित प्रार्थना पत्र, आवेदन की प्रति और बैंक विवरण संलग्न कर शुल्क वापसी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आयोग के सचिव ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 28 अप्रैल से शुरू होगी। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन में संशोधन और शुल्क संबंधित समाधान की अंतिम तिथि 30 मई तथा 28 जुलाई 2026 तय की गई है। उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय ने 9 दिसंबर 2022 को पारित आदेश में बीएड विषय के सहायक आचार्य पद की अर्हता को एनसीटीई रेगुलेशन 2014 के अनुरूप न मानते हुए विज्ञापन को निरस्त कर पुनः जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद आयोग ने 23 मई 2025 को संशोधित विज्ञापन संख्या 51 जारी किया।
0 comments:
Post a Comment