प्रधानाचार्य व प्राचार्य के लिए होगी 360 अंकों की लिखित परीक्षा और 40 अंकों का साक्षात्कार, शासन को भेजा गया नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव
कुल 400 अंकों की परीक्षा में साक्षात्कार के लिए 40 अंक किए गए हैं निर्धारित
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबित शिक्षक भर्तियों की परीक्षा आयोजन के बीच नई शिक्षक भर्तियों के लिए भी तैयारी तेज कर दी है। एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक पदों की भर्ती के लिए नियमावली में संशोधन (बी नियमावली) का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें साक्षात्कार के अलावा लिखित परीक्षा को भी सम्मिलित करने के साथ साक्षात्कार व परीक्षा के लिए अंकों का निर्धारण भी प्रस्तावित किया गया है।
लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी, जबकि साक्षात्कार 40 अंक के होंगे। यही व्यवस्था महाविद्यालयों के प्राचार्य व असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की भर्ती में भी लागू होगी। अभी एडेड माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य पदों पर भर्ती केवल साक्षात्कार के माध्यम से होती थी और यह भर्तियां उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड कराता था।
अब एडेड महाविद्यालयों के साथ एडेड माध्यमिक विद्यालयों सहित कुछ और शिक्षण संस्थानों की शिक्षक भर्तियां करने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन हो चुका है। आयोग के दूसरे पूर्णकालिक अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार लंबित सभी भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की रूपरेखा तय कर चुके हैं। इस क्रम में विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 910 पदों के लिए लिखित परीक्षा कराई जा चुकी है, जबकि वर्ष 2022 की एडेड माध्यमिक विद्यालयों की प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) भर्ती परीक्षा नौ व 10 मई तथा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा तीन व चार जून को प्रस्तावित हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोग अध्यक्ष ने नई शिक्षक भर्ती देने की योजना भी तैयार की है। प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक भर्ती में साक्षात्कार से पहले लिखित परीक्षा को शामिल किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक पदों की 360 अंकों की लिखित परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का होगा। गलत उत्तर पर एक अंक काटे जाएंगे। यही प्रक्रिया महाविद्यालयों के प्राचार्य व असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की भर्ती में भी लागू होगी।
2500 प्रधानाचार्य व 100 से ज्यादा प्राचार्यों की होगी भर्ती
एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के करीब 1500 व प्रधानाध्यापक के एक हजार से ज्यादा पद रिक्त हैं। इसके अलावा महाविद्यालयों के लिए प्राचार्य के 100 से अधिक पद रिक्त हैं।
परीक्षा और साक्षात्कार से होगी प्राचार्य एवं प्रधानाचार्य की भर्ती
प्रयागराज। प्रदेश के महाविद्यालयों एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्राचार्य/प्रधानाचार्य भर्ती प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर ही होगी। मई 2025 में शासन से अनुमोदन मिलने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पहले ही इसे स्पष्ट कर चुका है। हालांकि अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
इसके लिए 360 अंकों की लिखित परीक्षा होगी। इसमें 120 प्रश्न होंगे, जबकि साक्षात्कार 40 अंकों का होगा। असिस्टेंट प्रोफेसर, इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य और माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक पदों पर भी चयन की यही प्रक्रिया लागू होगी। सूत्रों के अनुसार, शासन से अनुमोदन मिलने के बावजूद अब तक इस संबंध में गजट जारी नहीं हो सका है। इससे भर्ती प्रक्रिया पर संशय बना हुआ है। इससे पहले वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्यों की भर्ती केवल साक्षात्कार के आधार पर की थी।
शिक्षा निदेशालय के अनुसार, इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1502 और हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1003 पद रिक्त हैं। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, आयोग ने मार्च 2025 में ही परीक्षा और साक्षात्कार आधारित भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे मई 2025 में मंजूरी मिल गई। आयोग टीजीटी, पीजीटी के साथ-साथ प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक पदों की भर्ती भी एक साथ कराने की तैयारी में है।
लिखित परीक्षा और साक्षात्कार से होगी प्रधानाचार्यों की भर्ती, एडेड कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003 पद रिक्त
प्रदेश के 4517 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नई व्यवस्था
प्रयागराज। प्रदेश के 4517 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर संशय दूर हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने एक आरटीआई के जवाब में लिखा है कि भर्ती लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगी। पूर्व में शासन ने लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर भर्ती के आदेश दिए थे लेकिन नवगठित चयन आयोग के अधिनियम में इसका कोई जिक्र नहीं था। यही कारण है कि अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति बनी हुई थी।
इससे पहले 2013 में जारी विज्ञापन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने साक्षात्कार के आधार पर प्रधानाचार्यों की भर्ती की थी। अब नवगठित चयन आयोग 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), प्रवक्ता (पीजीटी) के साथ ही प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों की भर्ती की तैयारी में है। भर्ती शुरू करने के लिए ऑनलाइन अधियाचन लिया जाएगा जिसका पोर्टल बनकर तैयार है।
शिक्षा निदेशालय को मिली सूचना के अनुसार वर्तमान में इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1502 जबकि हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1003 कुल 2505 पदरिक्त हैं। चयन आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह का कहना है कि आयोग के अधिनियम में संशोधन की प्रक्रिया गतिमान है। प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों की भर्ती लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर ही होगी।
0 comments:
Post a Comment