Searching...
Wednesday, April 29, 2026

9-10 मई को 4.64 लाख अभ्यर्थी देंगे प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, शहर आवंटन आज से, 6 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड होंगे

9-10 मई को 4.64 लाख अभ्यर्थी देंगे प्रवक्ता भर्ती परीक्षा, शहर आवंटन आज से, 6 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड होंगे

17 जिलों के 319 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रवक्ता (विज्ञापन संख्या-02/2022) के अंतर्गत 624 पदों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा 9 एवं 10 मई को प्रदेश के 17 जनपदों में होगी। आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह की ओर से बुधवार को जारी सूचना के अनुसार परीक्षा में कुल 4,64,605 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए 319 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में आयोजित होगी। 

पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चलेगी। नौ मई को भौतिकी, जीवविज्ञान, होम साइंस, इतिहास, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, कॉमर्स, समाजशास्त्र और दस को नागरिकशास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी और कला विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा जनपद (एग्जाम सिटी) की अग्रिम सूचना बुधवार से आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर उपलब्ध होगी। 

अभ्यर्थी वेबसाइट के होमपेज पर जाकर आवश्यक विवरण दर्ज कर अपनी परीक्षा सिटी की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। एडमिट कार्ड 6 मई से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


PGT शिक्षक भर्ती-2022 परीक्षा 9 व 10 मई को मंडल मुख्यालयों के जिलों में होगी परीक्षा, आयोग तैयारी में जुटा

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) भर्ती-22 की बहुप्रतीक्षित परीक्षा नौ व 10 मई को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालय के जिले में आयोजित की जाएगी। करीब चार वर्ष से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत की खबर है।


624 पदों के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा में लगभग 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इससे पहले 11 व 12 अप्रैल 2025, 20 व 21 जून 2025, 18 व 19 जून 2025 और 15 व 16 अक्तूबर 2025 को आयोजित कराने के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया था। लेकिन, कतिपय कारणों से परीक्षा स्थगित कर दी गई।

2022 में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने विज्ञापन संख्या 02/ 2022 जारी कर पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। आवेदन प्रक्रिया 9 जून 2022 से 10 जुलाई तक चली। जिसे बाद में 16 जुलाई 2022 तक बढ़ा दिया गया। बता दें भर्ती में बालक वर्ग के 549 पद शामिल हैं, जिनमें 332 सामान्य, 153 पिछड़ा वर्ग और 64 अनुसूचित जाति के पद हैं। वहीं बालिका वर्ग में कुल 75 पद हैं, जिनमें 56 सामान्य, 11 पिछड़ा वर्ग और 8 अनुसूचित जाति के पद निर्धारित किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग परीक्षा की तैयारियों में जुटा हुआ है। उप सचिव संजय सिंह के अनुसार व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे।

0 comments:

Post a Comment