Searching...
Saturday, April 11, 2026

शिक्षा आयोग के ई अधियाचन पोर्टल को सबकी हरी झंडी, NIC जल्द करेगा लाइव

शिक्षा आयोग के ई अधियाचन पोर्टल को सबकी हरी झंडी, NIC जल्द करेगा लाइव

12 अप्रैल 2026
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग वर्ष 2022 की लंबित शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी के बीच नई भर्ती देने की ओर भी बढ़ा है। रिक्त पदों का अधियाचन लेने के लिए एनआइसी की ओर से तैयार किए गए ई-अधियाचन पोर्टल का परीक्षण कर शिक्षा सेवा चयन आयोग के साथ-साथ उन विभागों ने भी अपनी सहमति दे दी है, जिनमें आयोग परीक्षा के माध्यम से शिक्षकों का चयन करेगा। विभागों एवं आयोग की सहमति के बाद कार्मिक विभाग ने भी यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) पर हस्ताक्षर कर उसे एनआइसी को भेज दिया है। अब एनआइसी प्रक्रिया पूर्ण कर इसे जल्द लाइव कर सकता है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग किसी भी भर्ती के लिए आफलाइन अधियाचन नहीं लेगा। ऐसे में आनलाइन अधियाचन प्राप्त करने के लिए ई-अधियाचन पोर्टल तैयार कराया गया। इस पर रिक्त पदों का अधियाचन भेजने और प्राप्त करने की प्रक्रिया का परीक्षण पूर्ण कर लिया गया है। इसके बाद यूएटी पर हस्ताक्षर किए जाने की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। 

एनआइसी द्वारा इसे लाइव किए जाने के बाद वह विभाग इस पर शिक्षकों एवं अनुदेशकों के रिक्त पदों का आनलाइन अधियाचन भेज सकेंगे, जिनमें शिक्षा आयोग को भर्तियां करनी हैं। आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जैसे-जैसे विभागों से अधियाचन प्राप्त होते जाएंगे, वैसे-वैसे नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।



शिक्षक भर्ती के ई-अधियाचन पोर्टल को यूएटी पर शिक्षा आयोग की भी मुहर, रिक्तियां मंगा चुके विभाग शिक्षा सेवा चयन आयोग को आनलाइन भेजेंगे अधियाचन

5 अप्रैल 2026
प्रयागराज : एडेड विद्यालयों, महाविद्यालयों और कुछ अन्य शिक्षण संस्थानों में शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। ई-अधियाचन पोर्टल के लिए यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) पर माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के बाद अब शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भी हस्ताक्षर कर उसे दो दिन पहले कार्मिक विभाग को भेज दिया। अब कार्मिक विभाग से हस्ताक्षर हो जाने के बाद उसे लाइव करने के लिए एनआइसी को भेज दिया जाएगा। ऐसे में शिक्षा सेवा चयन आयोग का पोर्टल अगले सप्ताह लाइव होने की उम्मीद है।

शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से प्रदेश में बेसिक, एडेड माध्यमिक, एडेड महाविद्यालय सहित कुछ और संस्थानों में शिक्षक भर्तियां की जानी हैं। इन भर्तियों के लिए अधियाचन (रिक्तियों का प्रस्ताव) आनलाइन माध्यम से भेजने और प्राप्त करने के लिए ई अधियाचन पोर्टल विकसित किया गया है।

 ई-अधियाचन भेजने और प्राप्त करने वाले संस्थानों में सामूहिक रूप से अधियाचन भेजने का परीक्षण कर लिया है। इसमें जो कमियां सामने आईं थी, उसे एनआइसी ने दूर कर अंतिम रूप दे दिया है। इसके बाद अब यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग पर सहमति की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। कार्मिक विभाग की ओर से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद एनआइसी द्वारा पोर्टल को लाइव किया जाएगा। इसी के साथ संबंधित विभाग आनलाइन माध्यम से आयोग को अधियाचन भेज सकेंगे। 

प्रथम चरण में उच्च शिक्षा की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर, प्राचार्य तथा माध्यमिक शिक्षा की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी), प्रधानाचार्य, संबद्ध प्राइमरी में सहायक अध्यापक पदों को मिलाकर 24 हजार से ज्यादा रिक्तियों का अधियाचन आनलाइन भेजा जाएगा। इसी के साथ नई शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।



जल्द लाइव होगा पोर्टल, नए अधियाचन मांगेगा शिक्षा सेवा चयन आयोग

कार्मिक विभाग की ओर से तैयार कराए गए पोर्टल का चल रहा परीक्षण

एडेड माध्यमिक एवं एडेड महाविद्यालयों में शिक्षकों के 24,000 से ज्यादा पद रिक्त

20 मार्च 2026
 प्रयागराज । उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग की लंबित भर्तियों में विज्ञापन-51 की असिस्टेंट प्रोफेसर, वर्ष 2022 की प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अप्रैल से जुलाई तक में प्रस्तावित हैं। इसके अलावा एडेड महाविद्यालय की विज्ञापन-51 के तहत बीएड विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के 107 पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी कर जुलाई के बाद परीक्षा कराई जा सकती है। इस बीच नई शिक्षक भर्ती परीक्षा तो नहीं होगी, लेकिन शिक्षा सेवा चयन आयोग नए अधियाचन लेने का कार्य इस अवधि में करेगा। ई-अधियाचन पोर्टल तैयार हो गया है। परीक्षण के बाद इसे इसी महीने लाइव कर अधियाचन लिए जाने की प्रक्रिया शुरू कराई जा सकती है। 


एडेड माध्यमिक और एडेड महाविद्यालयों को मिलाकर शिक्षकों के 24,000 से ज्यादा पदों का अधियाचन निदेशालय को मिल चुका है। आयोग लंबित भर्तियों की परीक्षा घोषित तिथियों पर कराएगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं। नई शिक्षक भर्तियों के लिए ई-अधियाचन पोर्टल का निर्माण कार्मिक विभाग ने कराया है, जिसका परीक्षण माध्यमिक और उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से कर लिया गया है। इसमें जो त्रुटियां आईं, उसे दूर कर पोर्टल को फाइनल किए जाने का कार्य अंतिम दौर में हैं। 


आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि इसी माह पोर्टल फाइनल हो जाएगा। इसके साथ ही इसे लाइव कर दिया जाएगा, ताकि संबंधित विभाग उस पर अधियाचन भेज सकें। चूंकि जुलाई तक हर महीने में कोई न कोई लंबित भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है, इसलिए नई भर्ती इसके बाद ही कराई जा सकेगी। इधर, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग को ई-अधियाचन पोर्टल लाइव होने की प्रतीक्षा है। 


एडेड माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, टीजीटी, पीजीटी, सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी में रिक्त मिले 23,000 से ज्यादा पदों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा 1,000 से ज्यादा पद महाविद्यालयों में रिक्त हैं। अधियाचन पोर्टल लाइव होने पर एडेड माध्यमिक एवं एडेड महाविद्यालयों का अधियाचन भेजे जाने की तैयारी है।

0 comments:

Post a Comment