Searching...
Tuesday, December 23, 2025

28 और 29 जनवरी को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा स्थगित, पीजीटी-टीजीटी की नई तारीखें जल्द होंगी तय, शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक में परीक्षाओं का कैलेंडर तैयार करने का भी लिया गया निर्णय

टीईटी को बनेगी नियुक्त होंगे विजिलेंस अधिकारी

नए अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई शिक्षा सेवा चयन आयोग की पहली बैठक में कई निर्णय

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 29-30 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के आयोजन को लेकर शीघ्र समय सारिणी तैयार करने के निर्देश परीक्षा नियंत्रक को दिए गए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2022 की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) परीक्षा आयोजन की समयसारिणी भी आयोग के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत की जाएगी। आयोग के कार्यों को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आंतरिक विजिलेंस प्रणाली स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय भी बैठक में लिया गया। इसके तहत आयोग में विजिलेंस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो परीक्षा प्रक्रिया सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेंगे। परीक्षा स्थगित होने की चर्चा पर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बैठक में टीईटी स्थगित करने का निर्णय नहीं लिया गया है।

स्थगित एवं प्रस्तावित परीक्षाओं के आयोजन की समयसारिणी तैयार करने के लिए अन्य आयोगों एवं भर्ती संस्थाओं के परीक्षा कैलेंडर का अध्ययन कर एक समन्वित कार्यक्रम आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। समय सारिणी के आधार पर आयोग परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करेगा। इसके अलावा आगामी परीक्षाओं के आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन, परीक्षा एजेंसियों का चयन तथा अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। आयोग की मंशा है कि कि सभी परीक्षाएं पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता के साथ आयोजित हों तथा इसके लिए एक व्यवस्थित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जा सके। उपसचिव एवं आयोग के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार सिंह के अनुसार बैठक में विज्ञापन संख्या 51 के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर के साक्षात्कार को लेकर भी चर्चा हुई। तय हुआ कि लंबित बिंदुओं का परीक्षण कर इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में अन्य लंबित प्रकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया।



28 और 29 जनवरी को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा स्थगित, पीजीटी-टीजीटी की नई तारीखें जल्द होंगी तय, शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक में परीक्षाओं का कैलेंडर तैयार करने का भी लिया गया निर्णय

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सवा चयन आयोग की ओर से 28 एवं 29 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) स्थगित कर दी गई है। टीईटी के साथ प्रवक्ता (पीजीटी) एवं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम जल्द जारी किए जाएंगे। टीईटी मई के मध्य में कराने की बात कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की मंगलवार को हुई बैठक में परीक्षा नियंत्रक को इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोग की भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए और उसी के अनुसार परीक्षाएं सुनिश्चित की जाएं।

भर्ती परीक्षाओं को लेकर आयोग में अब गतिरोध दूर होने की उम्मीद जगी है। नए अध्यक्ष प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई पहली बैठक में परीक्षाओं की तारीख तो घोषित नहीं की गई, लेकिन इसका खाका जरूर तैयार किया गया। शीतावकाश के बाद अब नए साल में आयोग खुलने पर परीक्षाओं की तारीख घोषित होने की उम्मीद है।

आयोग की ओर से टीईटी के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन लिया जाना था, लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। ऐसे में 28 एवं 29 जनवरी को परीक्षा करा पाना संभव नहीं था। ऐसे में टीईटी की नई तारीख घोषित की जाएगी। आयोग मई के मध्य में परीक्षा कराने पर विचार कर रहा है। कोई रुकावट नहीं आई तो 17 एवं 18 मई को टीईटी का आयोजन कराया जा सकता है, हालांकि अभी आयोग की तरफ से इस पर कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है।

खास-खास
बैठक में परीक्षा नियंत्रक को टीजीटी, पीजीटी भर्ती परीक्षाओं के साथ टीईटी के लिए भी तारीखों पर निर्णय लेने के लिए कहा गया। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक को अन्य भर्ती संस्थाओं के साथ समन्वय बनाने के लिए कहा गया। परीक्षा नियंत्रक को भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर भी बनाने के निर्देश दिए गए।

सदस्यों ने कहा कि अन्य भर्ती संस्थाओं की कार्यप्रणाली का अध्ययन करके एवं उनके साथ समन्वय बनाकर केंद्रों के चयन का प्रारूप तैयार कर आयोग के सामने प्रस्तुत किया जाए। सदस्यों ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। शीतावकाश के बाद इन बिंदुओं पर किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कही गई।

अध्यक्ष ने तय तारीख पर परीक्षाएं सुनिश्चित करने, शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में न्यायालय के आदेशों के पालन एवं अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।




परीक्षा तैयारी के लिए समय कम, 29-30 जनवरी को प्रस्तावित यूपीटीईटी परीक्षा होना मुश्किल, बैठक में होगा अंतिम निर्णय 


प्रयागराज । शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का आयोजन पहली बार उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को कराना है। परीक्षा आयोजन की तिथि 29-30 जनवरी को प्रस्तावित है, लेकिन यह तय समय में हो पाएगी या नहीं, अभी अनिश्चय है। 19 दिसंबर को अध्यक्ष का पदभार संभालने के साथ डा. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग के सदस्यों व अधिकारियों के साथ मंगलवार को प्रस्तावित आयोग की बैठक में इस पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। परीक्षा कराने का निर्णय लिए जाने पर लगभग सवा महीने का समय रह जाने पर तैयारी पूरी करना आसान नहीं होगा। इस बीच 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोग में शीतकालीन अवकाश भी प्रस्तावित है। ऐसे में परीक्षा आयोजन मुश्किल है।


परीक्षा आयोजन के लिए सबसे पहले विज्ञापन जारी कर आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा एजेंसी फाइनल करने के साथ प्रश्नपत्र निर्माण और प्रकाशन का भी कार्य किया जाना है। परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। चार वर्ष से टीईटी का आयोजन नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा परिषद में बिना टीईटी के नियुक्त शिक्षक भी इसमें सम्मलित हो सकते हैं, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने दो साल के भीतर टीईटी उत्तीर्ण होने को कहा है। हालांकि, सरकार ने इन शिक्षकों के लिए टीईटी को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं दिए हैं। 


शुचितापूर्ण परीक्षाओं का आयोजन आयोग अध्यक्ष की प्राथमिकता में है, इसलिए प्रश्नपत्रों की गौपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस तरह परीक्षा आयोजन की तैयारी करीब सवा महीने में पूर्ण करना चुनौतीपूर्ण होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि आयोग की बैठक में परीक्षा स्थगित करने पर निर्णय लिया जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment