Searching...
Friday, December 1, 2023

राजकीय कॉलेजों ने रिक्त पदों का नहीं दिया विवरण, जवाब तलब

राजकीय कॉलेजों ने रिक्त पदों का नहीं दिया विवरण, जवाब तलब

पोर्टल पर जानकारी लॉक न करने वाले 80 कॉलेजों के प्राचार्यों को चेतावनी, आज करने का आदेश


प्रयागराज। शासन के निर्देश के बावजूद प्रदेश के 80 राजकीय महाविद्यालयों ने रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया है। इस पर उच्च शिक्षा निदेशक ने तल्ख टिप्पणी करने के साथ प्राचार्यों से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही जिम्मेदार अफसरों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। निदेशक ने प्राचार्यों को चेतावनी जारी करते हुए शनिवार तक पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कर लॉक करने का आदेश भी दिया है। शासन के निर्देश के क्रम में निदेशालय की ओर से 20 नवंबर को महाविद्यालयों में रिक्त पदों का विवरण वैकेंसी ग्रिड पोर्टल पर अपलोड करते हुए लॉक करने का आदेश जारी किया गया था लेकिन बड़ी संख्या में महाविद्यालयों ने पोर्टल को अपडेट नहीं किया। 


इस पर नाराजगी जताते हुए उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर ब्रह्मदेव ने प्राचार्यों को सख्त पत्र जारी किया - है। निदेशक ने पोर्टल अपडेट न करने वाले संस्थानों की सूची भी जारी की है। इनमें 80 महाविद्यालय शामिल हैं। निदेशक ने प्राचार्यों को पत्र जारी कर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अफसरों-कर्मचारियों की उत्तरदायित्व तय करते हुए मेल पर शनिवार पांच बजे तक स्पष्टीकरण भी मांगा है। उन्होंने यह भी लिखा है कि इस काम में शिथिलता बरतने वाले प्राचार्य अनुशानिक कार्रवाई किए जाने पर स्वयं उत्तरदायी होंगे।


निदेशक ने यह भी निर्देश दिया है कि पोर्टल अपडेट की पूरी प्रक्रिया पर शासन के स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। शासन की ओर से जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसलिए सभी संस्थान दो दिसंबर तक रिक्तियों का विवरण वैकेंसी ग्रिड पोर्टल पर अपडेट कर लॉक करना सुनिश्चित करें।

0 comments:

Post a Comment