यूपी में दो बार में भरे जाएंगे होमगार्ड के 42 हजार पद, पुलिस भर्ती परीक्षा के पैटर्न पर होगी भर्ती परीक्षा
• होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री बोले, पुलिस भर्ती परीक्षा के पैटर्न पर होगी भर्ती
• पूर्ण पारदर्शिता व निष्पक्ष तरीके से परीक्षा कराने के लिए तैयारी कर रही प्रदेश सरकार
28 जुलाई 2024
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश में होमगार्ड के 42 हजार पदों पर जल्द भर्ती होगी। सरकार इन पदों को दो बार में भरने की तैयारी कर रही है। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा के पैटर्न पर कराया जाएगा। परीक्षार्थियों को लिखित के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी पास करनी होगी।
प्रजापति ने शनिवार को पत्रकारों से वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशन में परीक्षा नियमावली तैयार करा रही है। जल्द ही परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन निकाला जाएगा। होमगार्ड की वेतन विसंगतियों पर उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से होमगार्डों का भत्ता माह के पहले सप्ताह में उनके खातों में पहुंच जाता है।
पिछली सरकारों में सिर्फ 10 दिन ही ड्यूटी मिलती थी और ट्रेनिंग भत्ता 260 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाता था, उसे भी प्रक दैनिक मजदूरी के बराबर कर दिया के गया है। भत्ते के लिए परेशान होते थे। पहले उन्हें अंतरजनपदीय भत्ता 30 रुपये मिलता था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 120 रुपये कर दिया।
13 साल से नहीं हुई भर्ती, अब 42 हजार होमगार्ड रखे जाएंगे
17 जुलाई 2024
लखनऊ। अब होमगार्डों की भर्ती पुलिस भर्ती की तर्ज पर होगी। चयन लिखित परीक्षा के बाद होगा। पहले सिर्फ शारीरिक दक्षता परीक्षा और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मेरिट के आधार पर भर्ती होती थी। इसके लिए नई नियमावली बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में 42 हजार होमगार्ड की भर्ती की घोषणा की थी। इसके बाद होमगार्ड की भर्ती के लिए शासन ने नई नियमावली बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार दशकों पुरानी व्यवस्था समाप्त कर नई नियमावली में पुलिस भर्ती की तरह नियम बनेंगें। इसमें लिखित परीक्षा कराने वाली कार्यदायी संस्था का नाम भी तय कर दिया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में होने वाली पुरुषों की 1500 मीटर और महिलाओं की 400 मीटर की दौड़ में भी बदलाव हो सकता है। पूर्व सैनिक, एनसीसी, आपदा मित्रों को भर्ती में खास तवज्जो दी जाएगी।
होमगार्डों की भर्ती बीते 13 वर्षों से नहीं हुई है। केंद्र सरकार द्वारा उप्र होमगार्ड संगठन के लिए 1,18,348 स्वयंसेवकों की संख्या स्वीकृत है, वर्तमान में केवल 75,808 ही कार्यरत हैं। इनमें से 38,072 की आयु 50 से 60 वर्ष के बीच है। बीते एक वर्ष के भीतर 5 हजार से ज्यादा होमगार्ड सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
तकरीबन 25 हजार होमगार्ड पांच वर्षों में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इन स्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने 42 हजार होमगार्डों की भर्ती दो चरणों में करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर होमगार्ड की भर्ती के लिए शासन द्वारा नियमावली बनाई जा रही है। इस बार प्रदेश पुलिस में सिपाहियों की भर्ती की तर्ज पर होमगार्ड की भर्ती की जाएगी। - धर्मवीर प्रजापति, होमगार्ड मंत्री
0 comments:
Post a Comment