Searching...
Sunday, September 14, 2025

एलटी ग्रेड भर्ती-2025 में 12.36 लाख आवेदन, UPPSC का नया रिकार्ड

एलटी ग्रेड भर्ती-2025 में 12.36 लाख आवेदन, UPPSC का नया रिकार्ड

आरओ एआरओ-2023 में 10.76 लाख आवेदन संख्या थी अब तक सर्वाधिक


 प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की एलटी ग्रेड भर्ती-2025 ने आवेदन के मामले में नया रिकार्ड बना दिया है। राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) के 7466 पदों के लिए आयोग को 12,36,253 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी भर्ती बन गई है।

इससे पूर्व समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ)-2023 भर्ती के लिए 10.76 लाख आवेदन आए थे। यानी आरओ-एआरओ के आवेदन की तुलना में एलटी ग्रेड भर्ती के लिए 1.6 लाख अधिक आवेदन आए हैं। इस लिहाज से सात वर्ष बाद आयोजित हो रही यह भर्ती हर लिहाज से ऐतिहासिक मानी जा रही है।


आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 7466 पदों में 4860 पद पुरुष शाखा के लिए, 2525 पद महिला शाखा के लिए और 81 पद दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के लिए निर्धारित हैं। भर्ती कुल 15 विषयों के लिए निकाली गई है। आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई से 28 अगस्त 2025 तक चली। भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन 14 जुलाई को जारी हुआ था। 


आवेदन की अवधि डेढ़ महीने में ही 9.5 लाख नए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) हो गए। इससे आवेदन की आखिरी तिथि तक ओटीआर संख्या 21.75 लाख से बढ़कर 31.04 लाख तक पहुंच गई। यह बढ़ोतरी आयोग की आनलाइन भर्ती प्रक्रिया की लोकप्रियता और अभ्यर्थियों की भारी रुचि को दर्शाती है। वर्ष 2018 में एलटी ग्रेड के 10,768 पदों पर भर्ती निकली थी, लेकिन तब केवल 7,63, 317 आवेदन हुए थे। इस तरह से पिछली भर्ती की तुलना में पद कम होने के बाद भी आवेदनों की संख्या करीब साढ़े चार लाख बढ़ गई है।

0 comments:

Post a Comment