लखनऊ। प्रदेश सरकार ने नगर निकायों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए हरी झंडी दे दी है। इनमें अधिशासी अधिकारी (ईओ), सहायक अभियंता (एई) और अवर अभियंता (जेई) के कुल 607 पद शामिल हैं। फिलहाल ईओ के 308, एई के 34 और जेई के 212 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर विकास विभाग ने ईओ और एई का प्रस्ताव आयोग को भेज दिया है जेई का प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। शेष खाली पदों के लिए भी प्रस्ताव जल्द भेजा जाएगा।
इन पदों के साथ पीसीएस स्तर के रिक्त पदों को भरने के लिए भी नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही अपर नगर आयुक्त स्तर के रिक्त पदों को पदोन्नति देकर जल्द भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निकायों में केंद्रीय सेवा के कुल 3192 पद हैं। इनमें अधिशासी अधिकारी के 776 पदों में 308 खाली हैं। सहायक अभियंता के 111 पदों में 34 खाली हैं। अवर अभियंता के 418 में 212 पद खाली हैं। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त के 23 में सात, संयुक्त नगर आयुक्त के 19 में नौ, उप नगर आयुक्त के 40 में 24 और सहायक नगर आयुक्त के 59 में 13 पद मौजूदा समय में खाली हैं। इनमें से पदोन्नति वाले पदों को भरने के लिए विभागीय पदोन्नति कमेटी (डीपीसी) की बैठक बुलाने का निर्देश उच्च स्तर से दे दिया गया है।
नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों के खाली पदों को भरने की जरूरत
शासन स्तर से सहायक अभियंता के पद पर भर्ती का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश लोक सेवा चयन आयोग को भेजा गया है। अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। नगर पंचायतों में प्रतिनियुक्ति के आधार पर अधिशासी अधिकारियों को रखकर काम चलाया जा रहा था, उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। इसके चलते नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों के खाली पदों को जल्द भरे जाने की जरूरत निदेशालय स्तर से शासन को बताई गई है।
0 comments:
Post a Comment