Searching...
Sunday, May 20, 2018

पीएसी व महिला सिपाहियों का चयन परिणाम हुआ रद, कटऑफ मूल्यांकन में गड़बड़ी के बाद लिया गया फैसला

■ कटऑफ मूल्यांकन में गड़बड़ी के बाद लिया गया फैसला

■ सिपाही भर्ती-2015 का चयन परिणाम 15 मई को घोषित हुआ था




लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही भर्ती 2015 के तहत जारी पीएसी आरक्षी व महिला आरक्षी का चयन रद कर दिया है। इनका परिणाम अब दोबारा जारी किया जाएगा। सिपाही भर्ती-2015 में पीएसी आरक्षी के 5716 पद और महिला आरक्षी के 5800 पद शामिल थे।


प्रोन्नति भर्ती बोर्ड के अनुसार कट ऑफ अंक के मूल्यांकन में गड़बड़ी पाए जाने के बाद यह लिया गया है। बोर्ड के अनुसार जल्द ही इसे दुरुस्त कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि भर्ती बोर्ड ने 15 मई को सिपाही भर्ती 2015 के तहत 34716 पदों के लिए चयन परिणाम घोषित किया था। इसमें पुरुष आरक्षी के 23200 पद थे। इनका परिणाम यथावत है। उसमें गड़बड़ी नहीं पाई गई है। यह परिणाम मेरिट के आधार पर तैयार किए गए थे।



पीएसी आरक्षी और महिला आरक्षी के कट ऑफ मार्क्स के मूल्यांकन में गड़बड़ी हुई है जिससे पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन सामान्य वर्ग में हो गया। जो कट ऑफ मार्क्स जारी किए गए उससे अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी भी चयन से वंचित रह गए। ऐसे अभ्यर्थियों ने बोर्ड में शिकायत की थी इसके बाद बोर्ड ने तहकीकात की जिसमें तथ्य सही पाए गए। फिर तत्काल ही महिला आरक्षी और पीएसी आरक्षी के चयन परिणाम को निरस्त कर नए सिरे से परिणाम घोषित करने का फैसला लिया गया।

0 comments:

Post a Comment