Searching...
Sunday, September 27, 2026

दस शहरों में होगी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की परीक्षा, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग चार अक्तूबर को कराएगा परीक्षा

दस शहरों में होगी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की परीक्षा, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग चार अक्तूबर को कराएगा परीक्षा

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से परिवार कल्याण महानिदेशालय में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के 221 पदों पर भर्ती के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा चार अक्तूबर को सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक की पाली में दस जिलों प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ एवं वाराणसी में कराई जाएगी। दो दशक बाद आई इस भर्ती के लिए 124806 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानि एक पद पर औसतन 565 दावेदार मैदान में हैं।


आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार, अभ्यर्थियों के परीक्षा केन्द्रों के जिले की सूचना आयोग की वेबसाइट पर सोमवार से उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी अपने ओटीआर नम्बर के माध्यम से लॉगिन करके अपने परीक्षा केन्द्र के जिले को चेक कर लें, यह सूचना परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नहीं है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह उस जिले के आवंटन के लिए अग्रिम सूचना है जहां परीक्षा केन्द्र स्थित है।


 परीक्षा का प्रवेश पत्र तीन दिन पहले एक अक्तूबर को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र तथा अनुदेश डाउनलोड कर परीक्षा केन्द्र पर दो फोटो एवं आईडी प्रूफ की मूल एवं छायाप्रति लेकर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। परीक्षा कक्ष में अंतरीक्षक को आईडी प्रूफ की एक छायाप्रति उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने, नकल करने या कराने, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करने, आउट करने या आउट करने की कोशिश आदि अपराध की श्रेणी में आते हैं, जिसमें एक करोड़ तक जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा या दोनों हो सकते है।

0 comments:

Post a Comment