Searching...
Tuesday, June 3, 2025

यूपी दरोगा भर्ती : आयु सीमा में 3 वर्ष की मिली छूट, जल्द जारी होगा विज्ञापन, गृह विभाग ने जारी किया आदेश, कुल 4543 पदों पर होनी है सीधी भर्ती

यूपी दरोगा भर्ती : आयु सीमा में 3 वर्ष की मिली छूट, जल्द जारी होगा विज्ञापन, गृह विभाग ने जारी किया आदेश, कुल 4543 पदों पर होनी है सीधी भर्ती


लखनऊ। प्रदेश सरकार ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का फैसला लिया है। हालांकि यह छूट केवल एक बार प्रदान की जाएगी और भविष्य में किसी प्रकरण में इसे दृष्टांत नहीं माना जाएगा। गृह विभाग की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।


आदेश के मुताबिक पुलिस विभाग में चयन वर्ष 2020-21 से चयन वर्ष 2024-25 तक उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर उत्पन्न कुल 4543 रिक्तियों के सापेक्ष सीधी भर्ती के लिए निर्धारित आयु सीमा में सभी वर्गों के लिए अपवाद स्वरूप एक बार के लिए आयु सीमा में तीन वर्ष का शिथिलीकरण प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह छूट उप्र लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली 1992 के अंतर्गत विशेष परिस्थितियों के फलस्वरूप प्रदान की जाएगी।



जल्द जारी होगी दरोगा सीधी भर्ती का विज्ञापन

बता दें कि उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को डीजीपी मुख्यालय से उप निरीक्षक के 4543 पदों का अधियाचन मिला था। जिसमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 4242 पद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस/प्लाटून कमांडर महिला वाहिनी बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ के 106 पद, प्लाटून कमांडर/उप निरीक्ष सशस्त्र पुलिस के 135 पद, उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए भर्ती बोर्ड जल्द विज्ञापन जारी करेगा। बता दें कि पहले यह विज्ञापन अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में जारी होना था।


 सिपाही भर्ती में मिली थी छूट

इससे पहले सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए भी अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की छूट दी गई थी।

0 comments:

Post a Comment