Searching...
Friday, January 5, 2024

यूपी सिपाही भर्ती : 6500 परीक्षा केंद्रों पर 31 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

यूपी सिपाही भर्ती : 6500 परीक्षा केंद्रों पर  31 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

लखनऊ जोन में होंगे सर्वाधिक 836 परीक्षा केंद्र, सीसीटीवी लगा होना जरूरी


लखनऊ। सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 पदों पर होने वाली सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा में 31 लाख से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। 18 फरवरी को प्रस्तावित परीक्षा के लिए उप्र पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने बंदोबस्त किए हैं। करीब 6,500 परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं। 


मानकों पर खरे उतरने वाले केंद्रों को ही शामिल किया गया है। भर्ती के लिए आवेदन 16 जनवरी तक होंगे। बोर्ड ने जोन में 4,844 तो कमिश्नरेट में 1,640 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए हैं। सर्वाधिक 832 परीक्षा केंद्र लखनऊ में होंगे, जहां चार लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसी तरह बरेली में 741 परीक्षा केंद्र, गोरखपुर में 699, वाराणसी में 647, आगरा में 540, कानपुर नगर में 527, मेरठ में 464 और प्रयागराज में 394 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित हैं। कमिश्नरेट में सर्वाधिक 488 परीक्षा केंद्र प्रयागराज में प्रस्तावित हैं, जिनकी कुल क्षमता 2.25 लाख से अधिक है। 

कानपुर नगर में 271, आगरा में 261, वाराणसी में 237, लखनऊ में 148, गाजियाबाद में 127 और गौतमबुद्धनगर में 108 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। व्यवस्था के लिए डीएम, पुलिस कमिश्नर, जिलों के कप्तान मुख्य नोडल अधिकारी होंगे। वहीं एडीएम, अपर पुलिस उपायुक्त या अपर पुलिस अधीक्षक सहायक नोडल अधिकारी होंगे।


मानक पूरे होने पर ही बनेंगे केंद्र

केंद्रों को मानक पूरा होने पर ही हरी झंडी दी जाएगी। दागी संस्थानों को केंद्र नहीं बनाया जाएगा। केंद्रों में विगत तीन वर्षों में आयोजित परीक्षाओं का भी परीक्षण होगा। कोचिंग संस्थान परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे। केंद्रों में सीसीटीवी जरूरी होगा। केंद्र पर प्रश्नपत्र रखने के लिए सीसीटीवी वाला अलग कक्ष आदि की व्यवस्था भी होनी चाहिए। कोषागार, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से केंद्र की दूरी भी मानकों में शामिल की गई है।

0 comments:

Post a Comment