Searching...
Tuesday, January 23, 2024

पीसीएस- 2023 : सहारनपुर के सिद्धार्थ बने टॉपर, प्रयागराज के प्रेम शंकर द्वितीय, अंतिम परिणाम घोषित

कम समय में परिणाम देने का UPPSC ने बनाया कीर्तिमान, देखें टॉप 20 का विवरण 


प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2023 का अंतिम परिणाम महज आठ महीने नौ दिन में घोषित करके कीर्तिमान बनाया है। प्रारंभिक परीक्षा 14 मई 2023 को हुई थी और अंतिम चयन परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। पीसीएस 2022 का परिणाम तकरीबन दस महीने में जारी हुआ था। पीसीएस 2022 की प्रारम्भिक परीक्षा 12 जून 2022 को हुई थी और अंतिम परिणाम सात अप्रैल 2023 को जारी हुआ था। पीसीएस 2021 की चयन प्रक्रिया एक साल में हुई थी। पीसीएस 2021 का प्री 24 अक्टूबर 2021 को हुआ और अंतिम परिणाम 19 अक्टूबर 2022 को जारी हुआ था। पीसीएस-जे परीक्षा-2022 का परिणाम लगभग सात महीने में घोषित किया गया था। पीसीएस जे की प्रारम्भिक 12 फरवरी 2023 को हुई थी और परिणाम 30 अगस्त 2023 को घोषित किया गया था।


पीसीएस 2023 एक नजर में

पदों की संख्या: 253 (दो पद रिक्त)
प्रारंभिक परीक्षा: 14 मई 2023
कुल आवेदक : 5,65,459
परीक्षा में शामिल हुए : 3,45,022
प्री का परिणाम : 26 जून 2023
मुख्य परीक्षा के लिए सफल : 4047
मुख्य परीक्षा : 26 से 29 सितंबर 2023
मुख्य परीक्षा का परिणाम : 22 दिसंबर 2023
साक्षात्कार: 08 से 12 जनवरी 2024
अंतिम परिणाम: 23 जनवरी 2024

1- सिद्धार्थ गुप्ता सहारनपुर
2- प्रेम शंकर पांडेय प्रयागराज
3- सात्विक श्रीवास्तव हरदोई
4- शिव प्रताप मैनपुरी
5- मनोज कुमार भारती बहराइच
6- पवन पटेल चित्रकूट
7- शुभि गुप्ता मेरठ
8- निधि शुक्ला अयोध्या
9- हेमंत बक्सर
10- माधव उपाध्याय कासगंज
11- श्वेता सिंह जौनपुर
12- अंजनी यादव लखनऊ
13- पूर्णेन्दु मिश्र कुशीनगर
14- मुद्रा रहेजा सोनीपत
15- मयंक कुंडु करनाल
16- सुनिष्ठा सिंह बहराइच
17- हर्षिता देवड़ा उज्जैन
18- विमल कुमार रामपुर
19- अंकित तिवारी प्रतापगढ़
20- दीपक सिंह बाराबंकी

चार साल में पहली बार प्रयाग का सेकेंड टॉपर

प्रयागराज : पीसीएस 2023 की मेरिट सूची में प्रेम शंकर पांडेय को दूसरा स्थान मिला है। चार साल में पहला मौका है जब मेरिट में प्रयागराज को इतनी अच्छी मेरिट मिली है। इससे पहले पीसीएस 2022 में प्रजक्ता त्रिपाठी को आठवं स्थान मिला था। इससे पहले पीसीएस 2021 में नैनी के विवेक कुमार सिंह को आठवां स्थान मिला था। जबकि पीसीएस 2020 में करछना के ललित कुमार मिश्र को छठवां स्थान मिला था।



पीसीएस- 2023 : सहारनपुर के सिद्धार्थ बने टॉपर, प्रयागराज के प्रेम शंकर द्वितीय, अंतिम परिणाम घोषित


प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2023 का अंतिम परिणाम मंगलवार को देर शाम घोषित कर दिया। खास बात यह कि आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के आठ महीने और नौ दिन में ही अंतिम परिणाम घोषित किया है।


देवबंद सहारनपुर के सिद्धार्थ गुप्ता ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर प्रयागराज के बेली कॉलोनी निवासी प्रेम शंकर पांडेय रहे हैं। तीसरा स्थान हरदोई के सात्विक श्रीवास्तव को मिला है। प्रतापगढ़ में सदर पूरे नरसिंहभान के रहने वाले अंकित तिवारी को श्रेष्ठता सूची में 19वां स्थान मिला है।


कुल 20 प्रकार के 253 पदों के सापेक्ष 251 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफलता मिली है। योग्य अभ्यर्थी न मिलने से प्राविधिक सहायक (भूतत्व) के दो (ओबीसी व एससी के एक-एक) पद खाली रह गए। इस बार टॉप टेन में पुरुषों का दबदबा है। शीर्ष दस की सूची में आठ पुरुष जबकि दो महिलाएं हैं। 


पीसीएस 2022 में टॉप टेन में आठ बेटियां थीं। 251 चयनित अभ्यर्थियों में 167 पुरुष और 84 महिलाएं हैं। महिलाओं का सफलता प्रतिशत लगभग 33.46 है। टॉप 20 अभ्यर्थियों में 13 पुरुष और सात महिलाएं हैं। पीसीएस 2023 में चयनित हुए अभ्यर्थी प्रदेश के 68 जिलों के रहने वाले हैं। 


कुल चयनित अभ्यर्थियों में 77 ओबीसी, 55 एससी व दो एसटी हैं। पीसीएस 2023 की मुख्य परीक्षा का परिणाम 22 दिसंबर 2023 को जारी किया गया था। आठ से 12 जनवरी तक आयोजित साक्षात्कार में मुख्य परीक्षा में सफल 451 में से 448 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। चयनित अभ्यर्थियों की संस्तुतियां शीघ्र शासन को भेज दी जाएंगी, जिसके बाद प्राप्तांक एवं पदवार/श्रेणीवार कटऑफ अंक भी आयोग की वेबसाइट पर जारी होंगे।

0 comments:

Post a Comment