Searching...
Friday, November 17, 2023

नगरीय निकायों में केन्द्रीयत और अकेन्द्रीयत सेवा पदों पर होगी भर्ती, रिक्त पदों का ब्योरा मांगा, पहले चरण की भर्ती प्रक्रिया में मृत आश्रितों को दी जाएगी प्राथमिकता

नगरीय निकायों में केन्द्रीयत और अकेन्द्रीयत सेवा पदों पर होगी भर्ती

रिक्त पदों का ब्योरा मांगा, पहले चरण की भर्ती प्रक्रिया में मृत आश्रितों को दी जाएगी प्राथमिकता


लखनऊ। चुनावी साल में नगर निकायों और में केन्द्रीयत और अकेन्द्रीयत सेवा के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने की तैयारी है। हालांकि पहले चरण में रिक्त पदों पर भर्ती मृतक आश्रित कोटे वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए स्थानीय निकाय निदेशालय को दोनों सेवा के सीधी भर्ती वाले रिक्त पदों का ब्योरा जुटाने को कहा गया है। सभी निकायों से तत्काल रिक्तियों का ब्योरा शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।


स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से सभी नगर निकायों के नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश भेजा गया है। जिसके साथ एक प्रारूप भी भेजा गया है, के आधार पर रिक्तियों की सूचना मांगी गई है। केन्द्रीयत व अकेन्द्रीयत सेवा के सीधी भर्ती वाले रिक्त पदों के अलावा मृतक आश्रित कोटे से होने वाली नियुक्तियों की शेष रह गई संख्या के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।


नगर निकायों के अलावा जल निगम के मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को भी नगर निकायों में ही रिक्त पदों पर नौकरी देने की तैयारी है। हालांकि तकनीकी और वैधानिक कारणों की वजह से जल निगम के मृतक आश्रितों को नगर निकायों में नौकरी देने में अड़चन सामने आएगी। 


इसलिए यह तय किया गया है कि पहले रिक्तियों की संख्या का ब्योरा जुटाया जाएगा। इसके बाद निकाय और निगम के सभी मृत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने के लिए प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में रखा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति की जाएगी।


एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया कि मृतक आश्रितों को समायोजित करने के बाद जो रिक्त पद शेष बचेंगे उनपर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उप्र लोक सेवा आयोग और राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कोशिश यह है कि अगस्त तक जल निगम और नगर निकायों में रिक्त पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाकर संबंधित आयोग को प्रस्ताव भेज दिए जाएं।

0 comments:

Post a Comment