Searching...
Tuesday, April 11, 2023

भर्ती पर जोर, अर्हता पर गंभीर नहीं हैं अफसर, अर्हता तय न होने के कारण फंसी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती

भर्ती पर जोर, अर्हता पर गंभीर नहीं हैं अफसर, अर्हता तय न होने के कारण फंसी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती

प्रयागराज : एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन पर जोर दे रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के अधिकारी अर्हता को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसी का नतीजा है कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता और सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) के हजारों रिक्त पदों का अधियाचन मिलने के बावजूद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग भर्ती शुरू नहीं कर पा रहा है।



शासन के विशेष सचिव डॉ. रुपेश कुमार ने समकक्ष अर्हता का निर्धारण करने के लिए 22 नवंबर 2022 को हाई पावर अंतर विभागीय कमेटी गठित की थी। समिति से 15 दिन में अर्हता निर्धारित करते हुए रिपोर्ट देने को कहा गया था, लेकिन साढ़े चार महीने का समय बीतने के बावजूद अब तक हाई पावर कमेटी की एक भी बैठक नहीं हो सकी है। यह स्थिति तब है जबकि छात्र आए दिन लोक सेवा आयोग पर नई भर्ती शुरू करने के लिए प्रदर्शन करते रहते हैं। इससे पहले आयोग ने 2018 में एलटी ग्रेड के 10768 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। उसमें भी ढाई हजार से अधिक पद रिक्त रह गए थे। उसके बाद राजकीय विद्यालयों में एलटी ग्रेड भर्ती न आने से बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली हैं।

प्रवक्ता-एलटी के 10332 पद हैं खाली राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) के स्वीकृत 19300 पदों में से 6365 और प्रवक्ता के 9463 स्वीकृत पदों में से 3957 पद खाली हैं। शिक्षक नहीं होने के कारण इन स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीण इलाके के तमाम स्कूलों में किसी अन्य विषय के शिक्षक कोई दूसरा विषय पढ़ा रहे हैं।

अवशेष सूची जारी करने को सातवें दिन अनशन

प्रयागराज : राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) भर्ती 2018 के शेष बचे आठ विषयों की अवशेष श्रेष्ठता सूची (द्वितीय सूची) जारी करने की मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को सातवें दिन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पर अनशन जारी रखा। प्रतियोगी छात्र मोर्चा के अध्यक्ष विक्की खान का कहना है कि 15 अप्रैल तक सूची जारी नहीं की जाती तो छात्र आमरण अनशन शुरू कर सकते हैं। प्रदर्शन करने वालों में कृपाशंकर निरंकारी, अंजनी कुमार पांडे, लकी दुबे, अजय अवस्थी, संजय चौधरी, लोकेंद्र शुक्ला, प्रवेश श्रीवास्तव, ऊषा देवी, संजीव मिश्रा, आलोक सिंह, सत्येंद्र यादव आदि शामिल रहे।

0 comments:

Post a Comment