TGT भर्ती प्रक्रिया में बदलाव, अब परीक्षा 360 अंकों की होगी, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की नियमावली में संशोधन
2021 की टीजीटी भर्ती परीक्षा 500 अंकों की हुई थी, हर प्रश्न के लिए निर्धारित थे चार अंक
16,114 पदों की रिक्तियां शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर भेजने की चल रही कार्यवाही
प्रयागराज । अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में पहली बार नई शिक्षक भर्ती परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने चयन प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए हैं। इसके लिए आयोग की नियमावली में संशोधन किया गया है।
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) पदों की नई भर्ती परीक्षा 360 अंकों की कराई जाएगी। प्रश्नपत्र में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न तीन अंक के होंगे। इसके पहले उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ये परीक्षाएं कराता था, जिसमें टीजीटी भर्ती परीक्षा 500 अंकों की थी। 2021 की तरह वर्ष 2022 की होने वाली यह परीक्षा भी 500 अंकों की होगी। इसमें 125 प्रश्न होंगे और हर प्रश्न के लिए चार अंक निर्धारित हैं।
नई व्यवस्था में शिक्षा सेवा चयन आयोग टीजीटी परीक्षा में वर्ष 2021 की तरह साक्षात्कार नहीं कराएगा। केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने नई भर्ती के लिए शिक्षा सेवा चयन आयोग को विभिन्न श्रेणी के 23,213 पद रिक्त होने की सूचना आफलाइन माध्यम से दी है। इसमें टीजीटी के रिक्त पदों की संख्या 16,114 बताई है। अन्य की तरह इन रिक्त पदों का विवरण (अधियाचन) भी आयोग के ई-अधियाचन पोर्टल पर चरणबद्ध ढंग से अपलोड किया जा रहा है।
इस तरह आनलाइन अधियाचन मिलने के बाद आयोग विज्ञापन जारी कर आवेदन लेकर परीक्षा के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूर्ण कराएगा। आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार स्पष्ट कर चुके हैं कि जैसे-जैसे अधियाचन आनलाइन माध्यम से मिलते जाएंगे, वैसे-वैसे आयोग विज्ञापन जारी कर परीक्षा कार्यक्रम की भी सूचना देगा।
अभी जुलाई तक आयोग ने लंबित तथा उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के आयोजन की तिथियां घोषित की हुई हैं, ऐसे में नई शिक्षक भर्ती परीक्षाओं का आयोजन जुलाई के बाद ही होगा। इसके अलावा प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) पदों पर भर्ती प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से पूरी की जाएगी।
0 comments:
Post a Comment