SSC CGL: 15 मिनट में देने होंगे 25 सवालों के जवाब, कर्मचारी चयन आयोग ने पहली बार सेक्शनल टाइमिंग लागू की
🔴 15 मिनट का समय हर विषय के लिए, प्रत्येक प्रश्न पर दो अंक
🔴 कंप्यूटर आधारित टियर वन परीक्षा में चार विषय से पूछेंगे सवाल
🔴 दूसरे चरण में गणित और रीजनिंग के लिए 30 मिनट निर्धारित
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग ने अपनी सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) एग्जाम 2026 से बड़ा बदलाव किया है। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संगठनों और विभिन्न संवैधानिक निकायों, सांविधिक निकायों, न्यायाधिकरणों आदि में ग्रुप 'बी' और ग्रुप 'सी' के 12256 पदों पर भर्ती के लिए पहली बार सेक्शनल टाइमिंग लागू किया है। अब अभ्यर्थियों को एक घंटे की परीक्षा में प्रत्येक 15 मिनट में 25 सवालों के जवाब देने होंगे।
पहले चरण में एक घंटे की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में चार सेक्शन सामान्य बुद्धि और तर्कशक्ति (जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग), सामान्य जागरूकता (जनरल अवेयरनेस), मात्रात्मक रुझान (क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड) और अंग्रेजी बोध (इंग्लिश कंप्रिहेंसन) से कुल 100 सवाल पूछे जाते हैं। इनमें चारों सेक्शन के 25 सवाल होते हैं और प्रत्येक के लिए दो अंक निर्धारित होते हैं। पहले खंडवार समयसीमा नहीं होने से अभ्यर्थी किसी खंड के प्रश्न हल करने में अधिक समय दे सकते थे और किसी में कम समय।
अब इस बदलाव से चारों खंड में पूछे गए 25-25 सवालों का जवाब 15-15 मिनट में ही देना होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण स्क्रीन पर अपनेआप 15 मिनट बाद दूसरे खंड के प्रश्न दिखाई पड़ने लगेंगे। इससे हर खंड में अभ्यर्थी की पकड़ का मूल्यांकन भी हो सकेगा।
दूसरे चरण में भी तय की समय सीमा
दूसरे चरण की परीक्षा में भी विषयवार समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। पहले खंड ए में गणितीय क्षमता (मैथमेटिकल एबिलिटीज), तार्किक क्षमता एवं सामान्य बुद्धिमत्ता (रीजनिंग एंड जनरल इंटेलिजेंस) के लिए कुल एक घंटे का समय मिलता था अब दोनों विषयों के लिए 30-30 मिनट निर्धारित कर दिए गए हैं। दोनों विषयों के 30-30 प्रश्नों को हल करने के लिए 30 मिनट का समय मिलेगा। खंड ब में अंग्रेजी भाषा एवं बोधगम्यता (इंग्लिश लैंग्वेज एंड कंप्रिहेंसन) के 45 प्रश्नों के लिए 40 मिनट और सामान्य जागरूकता /सामान्य ज्ञान (जनरल अवेयरनेस) के 25 सवालों के लिए 20 मिनट निर्धारित किए गए हैं। पहले समय की ऐसी कोई बाध्यता नहीं थी।
0 comments:
Post a Comment