यूपी SI भर्ती परीक्षा : असुविधा से बचने के लिए चप्पल पहनकर जाएं अभ्यर्थी, महिला अभ्यर्थियों को गृह जनपद के परीक्षा केंद्र किए गए आवंटित
सीसीटीवी से मॉनिटरिंग के लिए बनाए हैं त्रिस्तरीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर
लखनऊ। उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आगामी 14 एवं 15 मार्च को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने जूते के बजाय चप्पल पहनकर जाने की सलाह दी है। इससे चेकिंग के समय जूते व मोजे उतारने में असुविधा नहीं होगी और परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने में अनावश्यक समय भी नहीं लगेगा।
बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, राजकीय डिग्री कॉलेज, राज्य व केंद्र के विद्यालय और विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज आदि ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उनके गृह जनपद का परीक्षा केंद्र ही आवंटित किया गया है।
प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से मॉनिटरिंग के लिए त्रिस्तरीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर (परीक्षा केंद्र, जिला एवं बोर्ड) व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग के लिए अलग व्यवस्था रहेगी। केंद्र के प्रवेश बिंदु पर अभ्यर्थी की आइरिस और फोटोग्राफ लिया जाएगा तथा आवेदन पत्र की फोटो से फेशियल रिकग्निशन के माध्यम से उपस्थित अभ्यर्थी का मिलान किया जाएगा। मिलान न होने पर अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यदि कोई अभ्यर्थी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वह अनुचित साधनों का प्रयोग, प्रतिरूपण व अवांछनीय कृत्यों व दलालों और नौकरी रैकेट चलाने वालों से सावधान रहें।
जिन अभ्यर्थियों के आधार नंबर मिसमैच उन्हें ढाई घंटे पहले आना होगा परीक्षा केंद्र, उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर बोर्ड ने दिया निर्देश
अन्य को दो घंटे पहले आना होगा, परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले तक मिलेगा प्रवेश
लखनऊ। उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आगामी 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के लिए उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खासकर जिन अभ्यर्थियों द्वारा अपने आवेदन पत्र को आधार नंबर के द्वारा पंजीकृत नहीं किया गया है, अथवा आवेदन के चरण में आधार नंबर मिसमैच पाए गए हैं, उन्हें परीक्षा शुरू होने से 2:30 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। इस दौरान सत्यापन किया जाएगा, जिसके लिए उनको अपना अपडेटेड एवं अनलॉक्ड आधार कार्ड लाना होगा। उनका
बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा दिवस पर परीक्षा शुरू होने से दो घंटा पूर्व प्रवेश पत्र, आधार कार्ड/पहचान पत्र (ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट), काला-नीला बाल प्वाइंट पेन के साथ आना होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं किसी अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान हेतु तकनीकी प्रबंध किया गया है। ऐसे व्यक्तियों तथा अभ्यर्थियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इन वस्तुओं पर प्रतिबंधः पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, ज्यामितीय-पेंसिल बाक्स, प्लास्टिक पाउच, कैल्कुलेटर, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबुल, इलेक्ट्रानिक पेन, स्कैनर, डिजिटल पेन, इलेक्ट्रानिक गैजेट जैसे-मोबाइल फोन, चाभी, कैमरा, किसी प्रकार की घड़ी, ज्वैलरी, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रो फोन, पेजर, हेल्थ बैंड, बटुआ-पर्स, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी, खुला या पैक किया हुआ खाने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा।
यूपी दरोगा भर्ती : 11 व 12 मार्च को जारी होंगे प्रवेश पत्र
लखनऊ। उपनिरीक्षक (दरोगा) नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा के प्रवेश पत्र 11 और 12 मार्च को जारी किए जाएंगे। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 14 मार्च को है वे 11 को और जिनकी परीक्षा 15 मार्च को है वे 12 को अपना प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि प्रश्न पत्रों या उनके कंटेट पर चर्चा, विश्लेषण या प्रसार करना प्रतिबंधित है।
परीक्षा केंद्र से मूल ओएमआर शीट को ले जाने वाले पर भी कार्रवाई होगी। भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि सॉल्वर गैंग की सूचना देने के लिए ईमेल आईडी satarkta.police-board@gmail.com व व्हाट्सएप नंबर 9454457951 जारी किया गया है।
14 और 15 मार्च को होगी यूपी पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, बोर्ड ने जारी किए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित कई जरूरी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। सूचना के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले अपने प्रवेश पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य मान्य पहचान पत्र और काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र को आधार नंबर से पंजीकृत नहीं किया है या आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार नंबर में कोई त्रुटि रह गई है, उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से लगभग ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करानी होगी। ऐसे अभ्यर्थियों को अपने अपडेटेड और ऑनलाइन आधार कार्ड के साथ परीक्षा में उपस्थित होना होगा।
सूचना में यह भी कहा गया है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और प्रवेश पत्र पर अंकित सभी निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। परीक्षा में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास रोकने के लिए तकनीकी व्यवस्था की गई है। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करने का प्रयास करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने कई वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। इनमें किसी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कागज के टुकड़े, ज्यामिति बॉक्स, कैलकुलेटर, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, कैमरा, घड़ी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, बटुआ, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी तथा किसी भी प्रकार का खुला या पैक किया हुआ खाद्य पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा जैसी वस्तुएं भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगी।
बोर्ड ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें और जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रश्नों या तैयारी से जुड़ी सामग्री प्रसारित करने पर होगी कानूनी कार्रवाई, भर्ती बोर्ड ने जारी किए दिशानिर्देश, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटरों को चेतावनी
लखनऊ। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सख्त दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। अगर कोई कंटेंट क्रिएटर, यूट्यूबर आदि सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्रों या उनकी सामग्री पर चर्चा, विश्लेषण का प्रसार करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए भर्ती बोर्ड की टीमें सोशल मीडिया की निगरानी कर रही हैं।
उप निरीक्षक व समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा 14 व 15 मार्च को आयोजित होनी है। परीक्षा की शुचिता भंग न हो और किसी तरह की कोई गड़बड़ी की आशंका भी न रहे इसलिए भर्ती बोर्ड ने एडवाजरी जारी की है। बोर्ड के मुताबिक जो भी शख्स सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित कंटेंट प्रसारित करता पाया जाएगा उसके खिलाफ उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसका भी रखें ध्यान भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट कहा है कि कोई भी व्यक्ति जो परीक्षा सामग्री या उसकी जानकारी को किसी भी रूप में (मौखिक या लिखित इलेक्ट्रॉनिक या यांत्रिक माध्यम से) प्रकाशित, पुनरुत्पादित, प्रसारित, संग्रहीत या साझा करते पाया जाएगा तो उस पर
कार्रवाई होगी। वहीं परीक्षा केंद्र में दी गई मूल ओएमआर शीट को ले जाते पाया गया या परीक्षा सामग्री को अनधिकृत रूप से कब्जे में रखेगा तो वह भी कानून का उल्लंघन होगा। ऐसे मामलों को गंभीर माना जाएगा। ऐसा करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से अयोग्य कर दिया जाएगा।
परीक्षा वाले शहर की सूचना जारी
लखनऊ। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के लिए परीक्षा शहर की सूचना जारी कर दी है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि भर्ती से जुड़ी सभी नई सूचनाओं के लिए वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें। बोर्ड के मुताबिक लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रदेश के 75 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 14 मार्च की परीक्षा के लिए 11 मार्च और 15 मार्च की परीक्षा के लिए 12 मार्च को एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
0 comments:
Post a Comment