सीएम ने बांटे 69804 स्मार्ट फोन, कहा- मानदेय भी करेंगे सम्मानजनक
कार्यक्रम में सीएम ने 18440 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। 702 आंगनबाड़ी केंद्रों और 71 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास तथा 2468 आंगनबाड़ी केंद्रों और 69 परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण भी किया गया। इस दौरान ग्रोथ मानिटरिंग के लिए स्टेडियोमीटर, इन्फैंटोमीटर और वेट मशीन जैसे उपकरण भी वितरित किए गए।
लखनऊ। इस वर्ष पांच हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार सहायिकाओं की भर्ती होगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 69804 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम में यह घोषणा की।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय भी स्मार्ट होना चाहिए। इसे जल्द ही सम्मानजनक किया जाएगा और पूरी व्यवस्था को तकनीक से जोड़कर पारदर्शी बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि अप्रैल से आउटसोर्स कर्मियों के लिए लागू की जा रही नई व्यवस्था में न्यूनतम वेतन की गारंटी होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्टफोन देने से अब रियल टाइम डाटा अपलोड होगा और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की रैंकिंग बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि 46 जिलों में 18440 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में अन्य चयन प्रक्रियाएं जारी हैं। सीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन की डिजाइन का भी विमोचन किया।
0 comments:
Post a Comment