आयोग की ओर से जारी सूची में अनारक्षित वर्ग के लिए 6464 पद किए गए हैं निर्धारित
प्रयागराज। एसएससी ने संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा-2025 के लिए अंतिम भर्तियों का चार्ट जारी कर दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष कुल 15,130 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार, अनारक्षित वर्ग के लिए 6,464 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 3,834 पद, अनुसूचित जाति के लिए 2,223 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 1,134 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1,475 पद आरक्षित हैं।
आयोग ने बताया है कि सीजीएल 2025 की विभिन्न पोस्ट के लिए ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस विंडो नौ मार्च से खोली जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सैंपल ऑप्शन फॉर्म वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। आयोग ने बताया कि यह केवल अभ्यास के लिए है और वरीयता केवल ऑनलाइन माध्यम से ही भरी जाएगी।
फॉर्म में दिए गए घोषणा-पत्र के अनुसार, अभ्यर्थी को यह प्रमाणित करना होगा कि वह चयनित पद के लिए सभी आवश्यक शारीरिक और शैक्षणिक योग्यताएं पूरी करता हो। एक बार अंतिम रूप से जमा किया गया विकल्प अपरिवर्तनीय होगा। यदि सत्यापन के समय कोई विसंगति पाई गई या दस्तावेज अधूरे रहे तो अभ्यर्थी की पात्रता निरस्त कर दी जाएगी।
0 comments:
Post a Comment