Searching...
Sunday, December 1, 2019

कैबिनेट में रखा जाएगा बेसिक शिक्षा सेवा नियमावली में बदलाव का प्रस्ताव, एडेड जूनियर हाईस्कूलों में भी सरकार करेगी भर्ती!

5:35:00 PM
एनबीटी ब्यूरो, लखनऊ : प्रदेश के एडेड जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों की भर्ती अब सरकार करेगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा सेवा नियमावली में बदलाव किया जाएगा। मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इसका प्रस्ताव पेश किया जा सकता है।

प्रदेश में 3,000 से अधिक सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल हैं। यहां के शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन का खर्च सरकार वहन करती है। अभी इनकी भर्ती का अधिकार प्रबंध तंत्र के पास है। पिछले महीने की शुरुआत में शासन ने आदेश जारी कर सभी भर्तियों पर रोक लगा दी थी।

भ्रष्टाचार पर लगाम की कवायद : भर्ती पर रोक लगाए जाने के आदेश में कहा गया था कि प्रबंध तंत्र की ओर से की जाने वाली भर्तियों में भ्रष्टाचार-अनियमितता की बड़ी पैमाने पर शिकायतें मिलती हैं। सूत्रों के अनुसार, बेसिक शिक्षा सेवा नियमावली में बदलाव कर भर्ती का अधिकार सरकार अपने हाथ में लेने की तैयारी है। शिक्षणेतर पदों को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए भरा जा सकता है जबकि शैक्षणिक पदों को अपर प्राइमरी स्कूलों में होने वाले भर्ती की तर्ज पर भरा जा सकता है या प्रस्तावित शिक्षा सेवा आयोग के जरिए भी भर्ती की जा सकती है।


0 comments:

Post a Comment